लाइव टीवी

एमएस धोनी और सौरव गांगुली के मिश्रण हैं रोहित शर्मा, अपने आप पर करते हैं भरोसा: इरफान पठान

Updated Nov 13, 2020 | 09:28 IST

Rohit Sharma: रोहित शर्मा को बतौर कप्‍तान इरफान पठान के रूप में नया फैन मिला है। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने रोहित शर्मा की कप्‍तानी को एमएस धोनी और सौरव गांगुली का मिश्रण करार दिया है।

Loading ...
रोहित शर्मा
मुख्य बातें
  • रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के साथ पांचवां खिताब जीता
  • कई पूर्व क्रिकेटरों ने रोहित शर्मा की कप्‍तानी की तारीफ की
  • इरफान पठान ने रोहित की कप्‍तानी को धोनी-गांगुली का मिश्रण करार दिया

नई दिल्‍ली: किस तरह के कप्‍तान हैं रोहित शर्मा? कुछ लोग कहते हैं कि वह बहुत कुछ एमएस धोनी हैं तो कुछ लोग जब भारतीय कप्‍तान विराट कोहली से तुलना होती है तो रोहित शर्मा के बारे में फर्क बताते हैं। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान के मुताबिक रोहित शर्मा में एमएस धोनी और सौरव गांगुली का मिश्रण है, जो दो महान भारतीय कप्‍तान रहे हैं।

मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा ने रविवार को एक बार फिर शानदार कप्‍तानी का नमूना पेश किया और आईपीएल 2020 के फाइनल में दिल्‍ली कैपिटल्‍स को मात देकर रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब जीता। जहां रोहित शर्मा की कप्‍तानी पर कभी किसी को शक नहीं हुआ, वहीं फाइनल में जयंत यादव को शामिल करने के उनके फैसले की जमकर तारीफ हुई। जयंत यादव ने दिल्‍ली के इन फॉर्म बल्‍लेबाज शिखर धवन को जल्‍दी आउट करके मुंबई को ड्राइविंग सीट पर पहुंचा दिया।

रोहित शर्मा बेहतरीन कप्‍तान: इरफान पठान

इरफान पठान ने ध्‍यान दिलाया कि इस स्थिति में कैसे अन्‍य कप्‍तान तेज गेंदबाज के साथ जाता। जबकि रोहित ने अपने एहसास पर विश्‍वास करते हुए बाजी पलट दी। पठान ने कहा, 'जिस तरह रोहित शर्मा ने जयंत यादव का उपयोग किया, उससे उनकी क्‍लास नजर आई। कोई भी कप्‍तान उसमें तेज गेंदबाज के साथ उतरना पसंद करता। रोहित शर्मा ने अपने एहसास पर विश्‍वास किया। इससे समझ आता कि उनकी सोच कितनी स्‍पष्‍ट है। इससे पता चलता है कि वह गेंदबाजों के कप्‍तान हैं।'

पठान ने आगे कहा, 'रोहित शर्मा की कप्‍तानी एमएस धोनी और सौरव गांगुली का मिश्रण हैं। गांगुली अपने गेंदबाजों पर भरोसा करते हुए आगे बढ़ते थे। एमएस धोनी अपने गेंदबाजों पर भरोसा करते थे, लेकिन हमेशा अपने फैसले एहसास करके लेते थे।' यह रोहित शर्मा का व्‍यक्ति प्रबंधन है जो उन्‍हें विशेषकर छोटे प्रारूप में सफल कप्‍तान बनाए रखता है। कई पूर्व क्रिकेटरों को रोहित शर्मा की कप्‍तानी ने काफी प्रभावित किया है।

पठान ने कहा, 'एक मैच करीब जा रहा था तो रोहित ने 17वां ओवर बुमराह को थमा दिया, जबकि आमतौर पर बुमराह 18वां ओवर करते हैं। बुमराह ने मुंबई के पक्ष में नतीजा मोड़ दिया। देखिए उन्‍होंने किस तरह पोलार्ड का उपयोग किया। शुरूआत में पोलार्ड से गेंदबाजी नहीं कराई, लेकिन दोहरे उछाल के बाद उन्‍होंने पोलार्ड का उपयोग किया।' रोहित शर्मा ने आईपीएल इतिहास में सबसे सफल कप्‍तान के रूप में एमएस धोनी पर बढ़त बना ली है। रोहित ने कप्‍तान के रूप में 5 जबकि खिलाड़ी के रूप में एक आईपीएल खिताब जीता। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।