लाइव टीवी

MS Dhoni 437 दिनों के बाद क्रिकेट एक्‍शन में लौटे, पत्‍नी साक्षी धोनी ने किया रिएक्‍ट

Updated Sep 20, 2020 | 11:30 IST

Sakshi Dhoni on MS Dhoni: एमएस धोनी 437 दिनों के बाद प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट में लौटे। उनको मैदान पर देखकर साक्षी धोनी ने एक बहुत प्‍यारी पोस्‍ट की है। धोनी ने सीएसके को मुंबई पर पांच विकेट की जीत दिलाई।

Loading ...
एमएस धोनी और साक्षी धोनी
मुख्य बातें
  • एमएस धोनी ने 437 दिनों के बाद प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट में वापसी की
  • साक्षी धोनी ने अपने पति के बारे में एक बहुत प्‍यारा पोस्‍ट किया है
  • सीएसके ने आईपीएल 2020 के उद्घाटन मैच में मुंबई को 5 विकेट से मात दी

नई दिल्‍ली: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी का प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट में वापसी का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था, जो शनिवार को आईपीएल 2020 के उद्घाटन मैच में जाकर खत्‍म हुआ। चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के थलाइवा ने 437 दिनों के बाद प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट में वापसी की। 39 साल के माही जुलाई 2019 के बाद से क्रिकेट एक्‍शन से दूर थे। इस बीच वह सुर्खियों का हिस्‍सा बने रहे क्‍योंकि उनके अंतरराष्‍ट्रीय करियर को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। धोनी ने 15 अगस्‍त को अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से संन्‍यास की घोषणा करके सभी कयासों पर विराम लगा दिया और पूरी तरह आईपीएल की तैयारी में जुट गए।

आखिरकार, वो घड़ी आई, जब धोनी को मैदान पर खिलाड़ी के रूप में देखा गया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ जब सीएसके के कप्‍तान एमएस धोनी टॉस के लिए आए, तो सोशल मीडिया पर उनकी फोटो वायरल होने से उनकी फैन फॉलोइंग का अंदाजा लगाया जा सकता है। महेंद्र सिंह धोनी की पत्‍नी साक्षी धोनी भी पीछे नहीं रही और उन्‍होंने भी अपने इंस्‍टाग्राम अकाउंट पर एक स्‍टोरी के जरिये पति की तारीफ की। साक्षी ने धोनी का फोटो शेयर करते हुए लिखा- कितना हैंडसम है। इस पोस्‍ट में साक्षी ने एमएस धोनी और चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के आधिकारिक अकाउंट को टैग भी किया।

देखिए साक्षी धोनी का पोस्‍ट

बता दें कि लॉकडाउन के दौरान एमएस धोनी ने अपने परिवार के साथ भरपूर समय बिताया। वह सोशल मीडिया से दूर थे, लेकिन समय-समय पर साक्षी के इंस्‍टाग्राम लाइव से धोनी की झलक फैंस को देखने को मिल जाती थी। धोनी 14 अगस्‍त को चेन्‍नई के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ इस बार साक्षी यूएई में नहीं गई हैं। वह सीएसके के साथ दूसरे हाफ में जुड़ सकती हैं जब फ्रेंचाइजी पत्‍नी और गर्लफ्रेंड्स को साथ में रूकने की अनुमति दें।

थाला जैसी रही वापसी

एमएस धोनी की वापसी जबरदस्‍त रही। धोनी की चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने आईपीएल 2020 के उद्घाटन मैच में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से मात दी। सीएसके ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की और मुंबई को 162/9 के स्‍कोर पर रोक दिया। इसके बाद अंबाती रायुडू और फाफ डु प्‍लेसिस के अर्धशतकों की मदद से सीएसके ने चार गेंदें शेष रहते पांच विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया।

एमएस धोनी ने इस मैच में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह टी20 क्रिकेट में 250 शिकार करने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बने। उन्‍होंने आईपीएल में कैच और बतौर कप्‍तान जीत का शतक जमाया। धोनी के नेतृत्‍व वाली चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स का अगला मुकाबला मंगलवार को राजस्‍थान रॉयल्‍स से होगा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।