लाइव टीवी

एक SIX, कई वीडियो, देखिए धोनी के विजयी छक्का जड़ते ही उसके कैसे-कैसे वीडियो हुए वायरल

Updated Oct 01, 2021 | 05:15 IST

MS Dhoni winning sixer, IPL 2021 CSK vs SRH, Viral Video: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 10 साल बाद फैंस को वैसा ही छक्का जड़कर दिखाया जिससे उन्होंने 2011 का विश्व कप फाइनल जीता था।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
IPL 2021: MS Dhoni six viral video
मुख्य बातें
  • आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स की सनराइजर्स हैदराबाद पर शानदार जीत
  • कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शानदार छक्के के साथ चेन्नई सुपर किंग्स को मैच जिताया, प्लेऑफ में एंट्री मिली
  • धोनी के विजयी छक्के के तमाम वीडियो वायरल हुए, फैंस ने भी अपने कैमरों से बनाए अलग-अलग वीडियो

MS Dhoni winning Six: महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट इतिहास के उन चेहरों में से हैं जिनकी मैदान में मौजूदगी भर ही फैंस को जोश से भर देती है। जीत और हार चलता रहता है लेकिन इनकी दीवानगी में ना कभी कमी आई थी और ना आएगी। धोनी के क्रिकेटर करियर में एक तस्वीर, एक पल ऐसा रहा है जो हमेशा के लिए भारतीय फैंस के दिलों में घर कर गया है। वो पल था, विश्व कप 2011 फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ छक्का जड़कर टीम इंडिया को 28 साल बाद वर्ल्ड चैंपियन बनाने का पल। तबसे लेकर अब तक, जब भी धोनी कभी मैच जिताने की स्थिति में होते हैं तो फैंस की यही मांग रहती है कि उनको 10 साल पुराने उस पल से फिर रूबरू कराएं, गुरुवार को फिर वैसा ही हो गया।

आईपीएल 2021 में गुरुवार रात चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई को 135 रनों का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य तो आसान था लेकिन शारजाह की पिच इतनी आसान नहीं थी। देखते-देखते मैच अंतिम ओवर तक जा पहुंचा जहां चेन्नई को 6 गेंदों में 3 रन चाहिए थे। पिच पर धोनी और रायडू बल्लेबाजी कर रहे थे। अंतिम ओवर में सिद्धार्थ कॉल गेंदबाजी करने आए। ओवर की पहली गेंद पर रायडू कोई रन नहीं ले पाए, जबकि दूसरी गेंद पर 1 रन लिया और धोनी के स्ट्राइक पर आते ही मैदान गूंज पड़ा।

सिक्स-सिक्स...धोनी-धोनी की गूंज शुरू

अब धोनी के पास मौका था कि वो मैच को अपने अंदाज में खत्म कर सकें। धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और फैंस ने धोनी को लंबे समय से कोई मैच खत्म करते नहीं देखा था। शारजाह के मैदान पर हर तरफ सिक्स-सिक्स या फिर धोनी-धोनी की गूंज सुनाई दे रही थी। ओवर की तीसरी गेंद पर धोनी कोई रन नहीं ले पाए। चौथी गेंद पर सिद्धार्थ कॉल ने ओवरपिच गेंद फेंकी, जो पूरी तरह धोनी के रडार में थी। अगला कदम आगे रखते हुए धोनी ने डीप मिडविकेट के स्टैंड्स में उसी अंदाज में छक्का जड़ा जैसा कि 2011 विश्व कप फाइनल में देखा गया था। माही ने 11 गेंदों में नाबाद 14 रनों की पारी खेली।

एक या दो नहीं..तमाम तरह के वीडियो वायरल

एम एस धोनी कुछ खास करें और सोशल मीडिया पर हलचल ना मचे, भला ये कैसे हो सकता है। धोनी के इस धमाके के साथ ही सोशल मीडिया पर खलबली मच गई। हर जगह बस धोनी ही धोनी की चर्चा थी और कुछ ही मिनट में आखिरी छक्के के वीडियो वायरल होना शुरू हो गए। उनके इस सिक्स का सिर्फ एक वीडियो नहीं, बल्कि तमाम एंगल से वीडियो वायरल हुए, जिसमें कुछ वीडियो उन फैंस ने भी अपलोड किए जो मैदान में मौजूद थे और अपने मोबाइल से उन्होंने ये वीडियो बनाए थे। खुद देखिए कुछ ऐसे ही सोशल मीडिया पोस्ट..

साल 2011 में जब धोनी ने श्रीलंकाई टीम के खिलाफ आईसीसी क्रिकेट विश्व कप फाइनल में छक्का जड़ा था तब मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर हो रहा था। शारजाह और वानखेड़े स्टेडियम के साइज में काफी फर्क है। लेकिन धोनी को दोनों ही मैदानों के साइज से कोई फर्क नहीं पड़ता। एक बार फिर देखिए 2011 विश्व कप फाइनल का वो पल..

धोनी के छक्के के साथ जहां 2011 विश्व कप फाइनल में भारत ने खिताब जीता था। वहीं इस बार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए विजयी छक्का जड़कर उन्होंने अपनी टीम को आईपीएल 2021 के प्लेऑफ में पहुंचा दिया है। पिछले सीजन में उनकी टीम सबसे पहले आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई थी। जबकि इस बार वे सबसे पहले आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली टीम बन गए हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।