लाइव टीवी

IPL 2022: कौन है ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स? मुंबई इंडियंस से करार करने वाले नए खिलाड़ी के बारे में जानें सबकुछ

Updated May 06, 2022 | 07:30 IST

Tristan Stubbs replaces Tymal Mills in Mumbai Indians squad: मुंबई इंडियंस को तगड़ा झटका लगा क्‍योंकि स्‍टार तेज गेंदबाज टायमल मिल्‍स चोटिल होने के कारण शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मुंबई ने दक्षिण अफ्रीकी बल्‍लेबाज ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स को मिल्‍स के विकल्‍प के रूप में जोड़ा है। यहां जानिए इस खिलाड़ी के बारे में सबकुछ।

Loading ...
ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स
मुख्य बातें
  • मुंबई इंडियंस ने ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स को टायमल मिल्‍स की जगह जोड़ा
  • 21 साल के स्‍टब्‍स ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ए के लिए डेब्‍यू किया था
  • 17 टी20 मैचों में स्‍टब्‍स ने 38.92 की औसत से 506 रन बनाए

मुंबई: मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को घोषणा की है कि चोटिल इंग्लिश तेज गेंदबाज टायमल मिल्‍स शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनके विकल्‍प के रूप में दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्‍लेबाज ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स को जोड़ा गया है। 29 साल के टायमल मिल्‍स को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 मेगा नीलामी में 1.50 करोड़ रुपए में खरीदा था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने मुंबई इंडियंस के लिए 5 मैच खेले, जिसमें 6 विकेट लिए।

मिल्‍स पिछले कुछ मैचों में नहीं खेल सके जबकि गुरुवार को वो टूर्नामेंट से बाहर हो गए। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस ने 21 साल के दक्षिण अफ्रीकी बल्‍लेबाज ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स को अपने साथ जोड़ा है, जो मुख्‍य रूप से मिडिल ऑर्डर बल्‍लेबाज हैं और हाल ही में जिंबाब्‍वे के खिलाफ उन्‍होंने दक्षिण अफ्रीका ए के लिए डेब्‍यू किया।

यह भी पढ़ें: तिलक वर्मा ने शेयर किया अपना यादगार पल, पसंदीदा क्रिकेटर से 'कैप' मिली तो बढ़ गया आत्‍मविश्‍वास

छोटा, लेकिन प्रभावी करियर

ट्रिस्‍टन ने घरेलू सीजन में अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया। हाल ही में संपन्‍न सीएसए चैलेंज में स्‍टब्‍स ने अपनी टीम वॉरियर्स के लिए अहम भूमिका निभाई। उन्‍होंने इस टूर्नामेंट में 48.83 की औसत और 183.12 के स्‍ट्राइक रेट से 293 रन बनाए। वैसे ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स ने अब तक 17 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 157.14 के स्‍ट्राइक रेट से 506 रन बनाए। इसके अलावा स्‍टब्‍स ने 8 फर्स्‍ट-क्‍लास मैच और 11 लिस्‍ट-ए मुकाबले भी खेले हैं। इनमें उन्‍होंने क्रमश: 465 व 275 रन बनाए। फर्स्‍ट क्‍लास और टी20 मैचों में स्‍टब्‍स ने एक-एक विकेट भी लिया।

बता दें कि मुंबई इंडियंस के लिए मौजूदा आईपीएल अच्‍छा नहीं बीता है। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2022 की प्‍लेऑफ रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस को शुरूआती 8 मैचों में लगातार शिकस्‍त का सामना करना पड़ा। हालांकि, राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ मुंबई ने मौजूदा सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। 

यह भी पढ़ें:  बुमराह की पत्नी ने जब रियालिटी शो में प्रतिभागी को किया ‘किस’, हुआ था विवाद

वैसे स्‍टब्‍स से पहले मुंबई इंडियंस ने धवल कुलकर्णी और कुमार कार्तिकेय को भी वैकल्पिक खिलाड़‍ियों के रूप में जोड़ा था। मिस्‍ट्री स्पिनर कार्तिकेय को तो राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ डेब्‍यू का मौका भी मिला। उन्‍होंने चार ओवर में 19 रन देकर संजू सैमसन का महत्‍वपूर्ण विकेट लिया था। मुंबई इंडियंस अपना अगला मुकाबला शुक्रवार को टेबल टॉपर गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।