लाइव टीवी

कौन हैं ट्रिस्टन स्टब्स जिन्हें मुंबई इंडियन्स ने दिया चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मौका?

Updated May 12, 2022 | 20:39 IST

Who is Tristan Stubbs: जानिए कौन हैं ट्रिस्टन स्टब्स जिन्हें मुंबई इंडियन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिया गुरुवार को मौका?

Loading ...
ट्रिस्टन स्टब्स( साभार MI)
मुख्य बातें
  • दक्षिण अफ्रीका के .युवा विकेटकीपर बल्लेबाज हैं ट्रिस्टन स्टब्स
  • मुंबई इंडियन्स ने टाइमल मिल्स की जगह किया है टीम में शामिल
  • चेन्नई सुपर किंग्स जैसी धाकड़ टीम के खिलाफ मिला है डेब्यू का मौका

मुंबई: आईपीएल 2022 में गुरुवार को सीजन में संघर्ष कर रही आईपीएल इतिहास की दो सबसे सफल टीमों के बीच भिड़ंत हो रही है। इस मैच में मुंबई इंडियन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई इंडियन्स ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए ऋतिक शौकीन और ट्रिस्टन स्टब्स को एकादश में शामिल किया। 

ऐसे में सबके मन में पहला सवाल आया कि ट्रिस्टन स्टब्स हैं कौन? 5 मई को मुंबई इंडियन्स ने आधिकारिक तौर पर चोटिल टाइमल मिल्स की जगह ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में शामिल करने का ऐलान किया था। ट्रिस्टन स्टब दक्षिण अफ्रीका के 21 वर्षीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज है। उन्होंने अबतक खेले 17 टी20 मैच में 157.14 के स्ट्राइक रेट से 506 रन बनाए हैं। जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। उन्हें मुंबई इंडियन्स ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइज पर टीम में जगह दी है।

जब आया कॉल तब खेल रहे थे गोल्फ
स्टब्स का हाल ही में संपन्न दक्षिण अफ्रीका के घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन शानदार रहा था। ऐसे में मुंबई इंडियन्स ने उन्हें अचानक से अपनी टीम की ओर से खेलने का मौका दिया। स्टब्स को जब मुंबई की टीम में शामिल होने का कॉल आया उस वक्त वो गोल्फ खेलने में मशगूल थे। उनके पिता ने जब उन्हें ये खबर दी दो स्टब्स को यकीन नहीं हुआ।

मुंबई इंडियंस के सबसे कम उम्र के विदेशी डेब्यूटेंट
ट्रेस्टन स्टब्स मुंबई इंडियन्स के लिए डेब्यू करने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के विदेशी खिलाड़ी हैं। मुंबई के लिए सबसे कम उम्र में खेलने का रिकॉर्ड उनके ही देश के डेवाल्ड ब्रेविस के नाम दर्ज हैं। बेबी एबी के नाम से मशहूर ब्रेविस ने मौजूदा सीजन में ही मुंबई के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले विदेशी खिलाड़ी बने थे। डेब्यू मैच के दिन उनकी उम्र 18 साल 342 दिन थी। जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 21 साल 271 दिन की उम्र में मुंबई इंडियन्स के लिए डेब्यू किया है।  

मुंबई के लिए खेलने वाले सबसे युवा विदेशी 
डेवाल्ड ब्रेविस (दक्षिण अफ्रीका) 18 साल 342 दिन
मार्को जेन्सन (दक्षिण अफ्रीका) 20 साल 343 दिन
ट्रिस्टन स्टब्स (दक्षिण अफ्रीका) 21 साल 271 दिन
अल्जारी जोसेफ (वेस्टइंडीज) 22 साल 168 दिन
मुस्तफिजुर रहमान (बांग्लादेश) 22 साल 213 दिन

ऐसा रहा है स्टब्स का करियर
स्टब्स ने साल 2020 में अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी। अबतक खेले 8 प्रथम श्रेणी मैच की 10 पारी में स्टब्स 46.50 के औसत से 465 रन बना चुके हैं। जिसमें 2 शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। उनका प्रथम श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 132 रन रहा है। वहीं लिस्ट एक क्रिकेट में खेले 11 मैच की 10 पारियों में स्टब्स ने 27.50 के औसत से 275 रन बनाए हैं। जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। उनका लिस्ट ए में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 82 रन रहा है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।