लाइव टीवी

ललितपुर: 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ रेप करने के आरोप में 28 के खिलाफ केस, पिता-SP-BSP नेता भी आरोपी

Updated Oct 14, 2021 | 06:45 IST

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में 11वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में 28 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के पिता, सपा जिलाध्यक्ष और बसपा जिलाध्यक्ष इस मामले में दर्ज 28 आरोपियों में शामिल हैं।

Loading ...
ललितपुर का है मामला

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश पुलिस ने राज्य के ललितपुर जिले में 11वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ कथित रूप से बलात्कार करने के आरोप में 28 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता के पिता, समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जिलाध्यक्ष 28 आरोपियों में शामिल हैं।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने पहली बार उसके साथ तब बलात्कार किया जब वह कक्षा 6 में पढ़ रही थी। तब से उसके पिता ने कई मौकों पर उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता अन्य लोगों को 'व्यावसायिक उद्देश्यों' के लिए बुलाते थे। उसने कहा कि उसे इन लोगों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए भी मजबूर किया गया था।

'इंडिया टुडे' की खबर के अनुसार, अपनी शिकायत में उसने समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष तिलक यादव, उनके तीन छोटे भाइयों, बसपा जिलाध्यक्ष दीपक अहिरवार, बसपा के एक अन्य नेता नीरज तिवारी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों पर बलात्कार का आरोप लगाया है।

पीड़िता ने कहा कि उसके पिता ने धमकी दी थी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को कुछ बताया तो वह उसकी मां को जान से मार देगा। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पिता समेत सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 354 (हमला), 376 डी (बलात्कार), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 328, 506 (आपराधिक धमकी), 120 बी और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम  (POCSO)के तहत मामला दर्ज किया है।

ललितपुर एएसपी गिरिजेश कुमार ने कहा कि बीती रात 28 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लड़की नाबालिग है और उसका एक भाई भी है। सभी बयानों और दी गई जानकारी की पुष्टि की जा रही है। युवती के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मेडिकल जांच कराई जाएगी। सभी एंगल से जांच की जाएगी क्योंकि मामला बेहद संवेदनशील है। जैसे ही नए सबूत सामने आएंगे, हम अपनी जांच पूरी लगन से करेंगे।