लाइव टीवी

घर में अकेली महिला से युवकों ने की छेड़छाड़, विरोध करने पर जिंदा जलाया

Updated May 09, 2020 | 08:30 IST

Woman set on fire in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में छेड़छाड़ का विरोध करने से नाराज तीन युवकों ने एक महिला को जिंदा जला दिया।

Loading ...
सांकेतिक फोटो

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन युवक एक घर में घुस गए और महिला से छेड़छाड़ करने लगे। महिला ने जब विरोध किया तो युवकों ने मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा दी। युवकों ने महिला को जलाकर मारने की कोशिश की। महिला बुरी तरह से झुलस चुकी है और उसे बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की हालत नाजुक है। तीनों आरोपी युवक महिला के पति की पहचान के थे। आरोपी पति की अनुपस्थिति में घर पर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। 

महिला घर में अकेली थी

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कोरबा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में इस महीने की छह तारीख को तीन लोगों ने 27 वर्षीय एक महिला को जलाकर मारने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छह मई की रात 27 वर्षीय महिला घर में अकेली थी। इस दौरान महिला के पति के पहचान के तीन युवक वहां पहुंचे और महिला से छेड़छाड़ करने लगे।

पति ने पानी डालकर आग बुझाई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला ने इसका विरोध किया। इससे आक्रोशित होकर युवकों ने महिला के उपर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा दी और वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला का पति वापस लौटा तो उसने तत्काल पानी डालकर आग बुझाई और पत्नी को अस्पताल पहुंचाया। महिला 60 प्रतिशत झुलस गई है। अस्पताल में नायब तहसीलदार ने महिला का बयान दर्ज कर लिया है। बयान के आधार पर पुलिस ने तोनों युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है और युवकों से पूछताछ की जा रही है।