लाइव टीवी

Delhi: ब्वॉयफ्रेंड की हत्या के आरोप में गर्लफ्रेंड और उसका भाई गिरफ्तार, इस वजह से घटी वारदात

Updated Sep 15, 2020 | 21:21 IST

Delhi Crime news: दिल्ली में एक महिला, उसके भाई और एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को एक शख्स की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

Loading ...
प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली: पुलिस ने मंगलवार को उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद में एक 24 साल की महिला को उसके प्रेमी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला के साथ उसके भाई और एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान वर्षा, उसके भाई आकाश (23) और एक अन्य अली (20) के रूप में हुई है। 

शुक्रवार को, पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति वजीराबाद में बेहोश पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को शव मिला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़ित के गले पर एक छोटी सी चोट का निशान था। पुलिस ने कहा कि पीड़ित की पहचान बाद में वजीराबाद निवासी साहिल (23) के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) एंटो अल्फोंस ने कहा, 'पुलिस ने एक अस्पताल के सीसीटीवी की जांच की, जहां तीनों आरोपी पीड़ित को ले गए। मृतक के परिवार वालों ने उनमें से दो की पहचान की, जिसमें से एक वर्षा और दूसरा उसका भाई आकाश था।'

डीसीपी ने कहा कि पुलिस ने शास्त्री पार्क में वर्षा के किराए के आवास पर छापा मारा, लेकिन यह बंद पाया गया। इसके बाद, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पता चला कि साहिल वर्षा के साथ रिश्ते में था। गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि की रात साहिल वर्षा के घर गया था जहां अन्य आरोपी भी मौजूद थे। सभी ने तब शराब पी थी। 

इसके बाद साहिल ने वर्षा के साथ अंतरंग होना शुरू कर दिया, जिस पर उसके भाई ने आपत्ति जताई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने साहिल की बेल्ट से गला घोंट कर हत्या कर दी।