लाइव टीवी

डराती हैं Gargi College की छात्राओं की बातें- भीड़ में की गई छेड़छाड़, मास्टरबेट तक किया

Updated Feb 10, 2020 | 11:11 IST

Gargi College Delhi: गार्गी कॉलेज की छात्राओं का आरोप है कि 6 फरवरी को कॉलेज फेस्ट के दौरान बाहर से आए आदमियों ने उनके साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की। पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

Loading ...
6 फरवरी की है घटना

नई दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी के गार्गी कॉलेज की कई छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि 6 फरवरी को सलाना समारोह के दौरान बाहर से कई लोग कॉलेज में आ गए और उन्होंने छात्राओं के साथ छेड़खानी की। स्टूडेंट्स की शिकायत है कि इस संबंध में अभी तक कॉलेज की ओर से कोई भी एक्शन नहीं लिया गया है। अभद्रता बाहर से आए लोगों द्वारा की गई।

लड़कियों ने अपने साथ हुए इस भयावह अनुभव को सोशल मीडिया पर उठाया है। मामला बढ़ने पर DCP साउथ अतुल ठाकुर ने कहा है कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।

एक छात्रा ने NDTV को बताया, 'वे कॉलेज के छात्र नहीं थे। उनकी उम्र 30-35 साल थी। उनमें से आधे नशे में थे। इन लोगों के विजुअल हैं जिसमें वो हमारे कैंपस के अंदर स्मोकिंग कर रहे हैं। इन आदमियों ने लड़कियों का पीछा किया और उनसे छेड़छाड़ की। कुछ छात्राएं बेहोश पड़ी हुई थीं। ये मेडिकल इमरजेंसी थी।

छात्रा ने कहा, 'प्रशासन ने इस हालात को नियंत्रित करने के लिए कुछ नहीं किया। RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान पूरे परिसर में खड़े थे। उन्होंने बिल्कुल कुछ नहीं किया। हमारे पास विजुअल हैं। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि हम बाहर नहीं जा सकते थे। मैं बुरी तरह से फंस गई थी। मेरे साथ छेड़छाड़ की गई। मैं 40 मिनट तक फंसी रही। जब मैं एक खाली जगह पर गयी तो एक आदमी ने हस्तमैथुन (masturbate) करना शुरू कर दिया।'

न्यूज एजेंसी IANS से बात करते हुए कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोमिला कुमार ने दावा किया कि वह इस घटना से अनजान थीं। यह एक गंभीर घटना है और मैं इस पर विचार करूंगी। यह गंभीर चिंता का विषय है, लेकिन दुर्भाग्य से किसी ने भी मुझे इसकी सूचना नहीं दी।

छात्रा ने कहा कि कॉलेज एडमिनिस्ट्रेशन ने कोई एक्शन नहीं लिया। हमारी 2 सीनियर प्रिंसिपल की पास गईं तो उन्होंने कहा, 'आपको इतना अनसेफ फील होता है तो कॉलेज मत आओ। पिछले साल भी इस तरह की चीजें हुई थीं।'

एक अन्य छात्रा ने कहा, 'जब फाटक खुले, तो पुरुषों की भीड़ बैरीकेडिंग तोड़ती हुई प्रवेश कर गई।' लड़कियों ने बताया कि कुछ लड़कों ने अपनी शर्ट उतारी, अश्लील इशारे किए, कुछ दीवारों पर चढ़ गए और अश्लील कमेंट करने लगे। कुछ तो मास्टरबेट करने लगे।