लाइव टीवी

पत्‍नी के चरित्र पर शक इतना बढ़ा कि शख्‍स ने 8 महीने के मासूम को भी नहीं बख्शा, उठाया खौफनाक कदम

Updated Apr 08, 2021 | 14:23 IST

पत्‍नी के चरित्र पर संदेह में एक शख्‍स ने अपने ही बेटे की जान ले ली। इसका राज तब खुला जब उसने इस बारे में अपने पड़ोसी को बताया। आरोपी शख्‍स को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
पत्‍नी के चरित्र पर शक इतना बढ़ा कि शख्‍स ने 8 महीने के मासूम को भी नहीं बख्शा, उठाया खौफनाक कदम

हैदराबाद : तेलंगाना में एक शख्‍स ने कथित तौर पर सिर्फ इसलिए अपने आठ महीने के बेटे को मौत के घाट उतार दिया, क्योंकि उसे अपनी पत्नी के अवैध रिश्‍तों को लेकर संदेह था। यह घटना बुधवार को तेलंगाना के शमशाबाद में हुई। मामला तब सामने आया जब आदमी ने अपने पड़ोसी को घटना के बारे में बताया। इस घटना से हर कोई हैरान है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी शख्‍स नाई का काम करता है, जो शमशाबाद के पास थोंडुपल्ली गांव का रहने वाला है। उसकी उम्र 25 साल के आसपास बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। बीते कुछ समय से उसे अपनी पत्‍नी के चरित्र पर संदेह था। मंगलवार रात करीब 1:30 बजे इसे लेकर उसकी पत्नी के साथ कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने बेटे की ही जान ले ली।

ऐसे खुला राज

आरोप है कि झगड़े के कुछ देर बाद जब महिला सो गई तो शख्‍स ने 8 महीने के बेटे को उठाया और अपने ही आवास पर पानी के हौद में डुबोकर उसे मार डाला। बताया जा रहा है कि इसके बाद उसे नींद नहीं आई और वह इधर-उधर टहल रहा था। तब तक अंधेरा छंट चुका था और सुबह हो चुकी थी। इसी दौरान एक पड़ोसी ने उसे देखा और चाय पीने के लिए अपने घर बुला।

उसने पड़ोसी से बेटे को पानी के हौद में डुबो देने की बात कही। इसके बाद पड़ोसी दौड़कर उसके घर पहुंचा और उसने आरोपी की पत्‍नी को सारी बात बताई। इसके बाद किसी तरह बच्‍चे को हौद से निकालकर उसे अस्‍पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्‍टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।