लाइव टीवी

छत्तीसगढ़: आईएएस अधिकारी के खिलाफ दर्ज हुआ बलात्कार का मामला

Updated Jun 04, 2020 | 08:39 IST

IAS officer booked for rape: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में संचालक भू-अभिलेख के पद पर कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Loading ...
रेप( सांकेतिक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का है ये मामला
  • संचालक भू-अभिलेख के पद पर कार्यरत है आरोपी अधिकारी
  • उसके ऑफिस में काम करने वाले एक कर्मचारी की पत्नी ने लगाया है बलात्कार का आरोप

रायपुर: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यहां बताया कि जिले पूर्व कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक के खिलाफ 33 वर्षीय महिला की शिकायत पर बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया गया है। पाठक फिलहाल संचालक भू-अभिलेख के पद पर पदस्थ हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला ने जांजगीर-चांपा जिले की पुलिस अधीक्षक पारुल माथुर के सामने उपस्थित होकर एक लिखित आवेदन पेश किया था। महिला ने आरोप लगाया है कि पिछले महीने की 15 तारीख को जनक प्रसाद पाठक ने महिला के पति को नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी देकर कलेक्ट्रेट परिसर में उसके साथ बलात्कार किया था। महिला का पति सरकारी विभाग में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि पाठक ने उसके मोबाइल में अश्लील मैसेज भी भेजा है। महिला ने मैसेज का स्क्रीन शॉट लेकर पुलिस को दिया है। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने आज पाठक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

पाठक का तबादला 26 मई को कलेक्टर जांजगीर चांपा के पद से संचालक भू-अभिलेख के पद पर किया गया था। उससे संपर्क नहीं हो पाया है।