लाइव टीवी

क्या ऑटो चालक ने बकाया 5 रुपए मांग कर गलती की? कर दी पीट-पीट कर हत्या

Updated Feb 26, 2020 | 16:26 IST

Mumbai news: मुंबई के बोरीबली में एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। उसने गैस स्टेशन के कर्मचारी से अपने बकाया 5 रुपए मांग लिए थे। इसी को लेकर बहस हो गई। पुलिस ने 5 को गिरफ्तार किया है।

Loading ...
मुंबई के बोरीबली की है घटना

मुंबई: मुंबई के बोरिवली में एक गैस स्टेशन के कर्मचारियों द्वारा 68 साल के ऑटो ड्राइवर की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। ऑटो चालक का 5 रुपए को लेकर झगड़ा हो गया था। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की जांच चल रही है।

पुलिस ने बताया, 'रामदुलार सरजू यादव मंगलवार शाम सीएनजी स्टेशन पर अपने ऑटोरिक्शा में गैस भराने गया था और वहां मिलने के लिए उसने अपने बेटे संतोष को फोन किया। 205 रुपए का ईंधन भरने के बाद यादव ने गैस स्टेशन अटेंडेंट को 500 रुपए का नोट दिया, लेकिन उसने 295 रुपए की शेष राशि वापस करने के बजाय 5 रुपए कम दिए।'

अधिकारी ने बताया कि जब यादव ने 5 रुपए की मांग की तो अटेंडेट संतोष जाधव ने दोनों (ड्राइवर और उसके बेटे) के साथ दुर्व्यवहार किया और अन्य कर्मचारियों ने उन्हें मारना शुरू कर दिया। बुजुर्ग ऑटो चालक बेहोश हो गया और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक नामदेव शिंदे ने कहा, 'हमने गैस स्टेशन के पांच कर्मचारियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है।'