लाइव टीवी

मध्य प्रदेश: बेइज्जती से इतना भड़का सरपंच पति, काट दिए दोनों हाथ, खून से लथपथ थाने पहुंचा युवक

Updated Jul 19, 2021 | 17:43 IST

मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिला के चौराहेट गांव के दबंगों ने एक युवक के दोनों हाथ काट दिए। आरोपी की महिला सरपंच है। पीड़ित ने आरोपी का कॉलर पकड़ लिया था, जिसके बाद उसने ये कदम उठाया।

Loading ...
प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के होशंगाबाद से हैरान और परेशान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां सरपंच पति ने एक युवक के दोनों हाथ काट दिए। युवक काटे हुए हाथों से खून से लथपथ होकर शिकायत करने थाने पहुंचा। बताया जाता है कि युवक ने सार्वजनिक स्थान पर आरोपी का कॉलर से पकड़ लिया था। इससे आरोपी इतना भड़क गया कि उसने पीड़िता के हाथ काटने का फैसला कर लिया।

दिल दहला देने वाली ये घटना शुक्रवार शाम होशंगाबाद जिले के बाबई थाना क्षेत्र के चौराहेट गांव में हुई। पीड़ित की पहचान सोमेश गुर्जर के रूप में हुई है। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, उसकी हालत नाजुक है।

जानकारी के मुताबिक, सोमेश शुक्रवार को अपनी फसल बेचने इटारसी गया था। एक मंडी में उसका भगवान सिंह से विवाद हो गया, जो चौराहेट गांव के सरपंच के पति हैं। भगवान सिंह और सोमेश भी दूर के रिश्तेदार हैं। बहस इतनी बढ़ गई कि सोमेश ने भगवान सिंह की शर्ट का कॉलर पकड़ लिया। इससे भगवान इतना गुस्सा हो गया कि वो गांव लौट आया और अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ सोमेश के हाथ काटने का फैसला किया।

होशंगाबाद के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह गौर ने कहा कि पीड़ित पर हमला उस समय किया गया जब वह बाजार से घर लौट रहा था। उन्होंने बताया, 'आठ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पीड़ित का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी सर्जरी की जा रही है।'