लाइव टीवी

Ranchi: झारखंड के रांची में 13 साल की लड़की के साथ 7 ने किया गैंगरेप, 4 गिरफ्तार

Updated Aug 29, 2021 | 21:51 IST

Ranchi gang rape: झारखंड के रांची में एक 13 साल की लड़की के साथ 7 लोगों ने गैंगेरेप किया। आरोपियों में से एक उसका दोस्त था। पुलिस ने 4 नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Loading ...
प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली: झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को सात लोगों ने 13 साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। घटना रांची के मंदार थाना क्षेत्र के एक सुनसान जगह पर हुई। आरोपियों में एक नाबालिग लड़की का दोस्त है। रांची (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने कहा कि पीड़िता के आरोपों के आधार पर उन्होंने घटना के संबंध में मंदार थाने में मामला दर्ज किया है।

आलम ने आगे कहा, 'मेडिकल टेस्ट कराने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।' पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी नाबालिग हैं। अन्य तीन संदिग्धों की उम्र का अभी पता नहीं चल पाया है।

एक अधिकारी ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' को बताया, 'पकड़े गए लोगों ने अन्य आरोपियों के नाम साझा किए हैं। हम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रहे हैं।' शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके दोस्त जो एक आरोपी भी है, उसने उसे एक विशिष्ट स्थान पर बुलाया था। वो जब वहां पहुंची तो उसने वहां आरोपी के छह दोस्तों को देखा। आरोपियों ने मौके पर ही युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना का पता तब चला जब किशोरी घर पहुंची और अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई। इसके बाद लड़की के माता-पिता ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।