लाइव टीवी

Hyderabad Doctor Murder Case: हैदराबाद में 26 वर्षीय एक वेटरनरी डॉक्टर की हत्या, रेप होने का भी संदेह

Updated Nov 29, 2019 | 14:17 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Woman killed and burnt: तेलंगाना में एक 26 वर्षीय महिला का जला हुआ शव पुल के नीचे से बरामद होने के बाद हर तरफ आक्रोश है। सोशल मीडिया पर लोगों ने लगाई न्याय की गुहार।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
महिला को जिंदा जलाया
मुख्य बातें
  • तेलंगाना में एक महिला डॉक्टर का शव पुल के नीचे से हुआ बरामद
  • काम से लौटने के दौरान रात में सुनसान रास्ते में स्कूटी हुई थी खराब
  • उसी समय से उसका फोन परिजनों को स्विच्ड ऑफ आने लगा था
  • सोशल मीडिया पर लोग कर रहे न्याय की मांग

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद में 26 वर्षीय एक महिला का शव एक पुल के नीचे से बरामद किए जाने के बाद से हर तरफ सनसनी मच गई है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को उसका शव बरामद किया गया था जिसे बुरी तरह जलाया गया था। जानकारी के मुताबिक तेलंगाना के शादनगर में स्थित अपने घर से वह हॉस्पीटल अपने काम पर जा रही थी। लेकिन बीच रास्ते में शमशाबाद में उसकी स्कूटी पंक्चर हो गई जिससे वह रास्ते में ही फंस गई। 

रिपोर्ट के मुताबिक अगली सुबह उसका शव उस जगह से 30 किमी दूर शादनगर में एक अंडरब्रिज के नीचे से बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि महिला ने अंतिम बार अपने फोन से रात सवा 9 बजे अपनी बहन से बात की थी। फोन कॉल ऑडियो से पता चला कि उसे किसी ने उसका टायर मरम्मत करने का ऑफर किया था। कहा जा रहा है कि महिला के साथ पहले रेप किया गया फिर उसकी हत्या कर उसके शव को जला दिया गया। इस जघन्य वारदात की खबर सुनकर हर कोई आक्रोश में है।

अंतिम बार बहन से फोन पर हुई बात
उसकी बहन ने बताया कि उसने अपनी बहन को पास के ही किसी टोल गेट के पास जाकर इंतजार करने की सलाह दी थी, क्योंकि उसे इस बात का डर था कि उस इलाके में बहुत सारे अनजान गाड़ियां और ट्रकें आ जा रही थी। उसने बताया कि उसने अपनी बहन को ये भी कहा था कि वह अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर आ जाए, लेकिन कुछ समय बाद जब मैंने उसे फोन किया तो उसका फोन स्विच्ड ऑफ आने लगा। 

कुछ समय बाद उसका शव बेहद बुरी अवस्था में जला हुआ बरामद किया गया जिसकी शिनाख्त उसके परिजनों ने की। उसने जो लॉकेट पहन रखा था उसी से उन्होंने उसकी पहचान की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर बॉडी को उसके परिजनों को सौंप दिया है। 

आरोपी जो एक कॉलेज स्टूडेंट बताया जाता है उसे गिरफ्तार कर गुरुवार को मीडिया के सामने लाया गया। आशंका जताई जा रही है कि उसने महिला को पहले नशीली चीज खिलाकर फिर उसपर केरोसिन डालकर उसे जला दिया। 

पुलिस ने हत्यारों को पकड़ने के लिए 10 टीमें गठित की जो इस कांड में लिप्त अन्य आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक मृतका की स्कूटी अभी तक बरामद नहीं की जा सकी है, और अगर उसकी तलाश पूरी हो जाती है तो उससे काफी सारे सुराग मिल सकते हैं। 

मृतका के पिता जो एक सरकारी कर्मचारी हैं ने बताया कि जिस किसी ने भी ये किया है उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए। इस घटना के बाद से लोग इतने आक्रोश में हैं कि वे सोशल मीडिया के जरिए न्याय की गुहार लगा रहे हैं। 

टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि 26 वर्षीय महिला डॉक्टर की हत्या की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। पीड़ित परिवार के साथ मेरी पूरी संवेदना है। इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्हें सभ्य समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है। हमें ये सुनिश्चित करना होगा कि लड़के लड़कियों की इज्जत करें। जेंडर एम्पावरमेंट और सेक्स एजुकेशन की जरूरत है।

पुलिस जांच में हुई रेप की पुष्टि
पुलिस ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि महिला डॉक्टर के साथ पहले रेप किया गया था इसके बाद उसकी हत्या की गई थी। उसका शव जिस जगह पर पाया गया उससे 100 मीटर की दूरी पर उसका अंतर्वस्त्र पाया गया। इस मामले में एक ट्रक ड्राइवर और एक सफाईकर्मी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। महिला डॉक्टर का वाहन एक स्थान पर लावारिस पाया गया जिसपर कोई नंबर प्लेट नहीं था।