लाइव टीवी

बहू, समधन ने किया रिश्‍तों को तार-तार, बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई की घटना CCTV में कैद [Video]

Updated Oct 10, 2020 | 21:56 IST

Crime News: संपत्ति विवाद में रिश्‍तों को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। बहू और समधन ने मिलकर एक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
बहू, समधन ने किया रिश्‍तों को तार-तार, बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई की घटना CCTV में कैद [Video]
मुख्य बातें
  • संपत्ति विवाद में बहू और समधन ने एक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी
  • हैदराबाद की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिस पर पुलिस ने एक्‍शन लिया है
  • पिटाई से घायल बुजुर्ग महिला को बाद में अस्‍पताल में भर्ती कराया गया

हैदराबाद : तेलंगाना में हैदराबाद से रिश्‍तों को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां संपत्ति विवाद में एक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी गई और ऐसा करने वालों में कोई और नहीं, बल्कि उसकी बहू और समधन ही शामिल रही। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो महिलाएं एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई करती नजर आ रही हैं।

हैदराबाद का यह वीडियो इस बात को भी दर्शाता है कि संपत्ति विवाद में लोग किस तरह सभी मर्यादाओं को भूल जाते हैं। यह घटना हैदराबाद के हुमायूंनगर की है, जो सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में वारदात की जो तारीख नजर आ रही है, वह 8 अक्‍टूबर की है। वीडियो में नजर आ रहा है कि किस तरह बहू और समधन मिलकर बुजुर्ग महिला की प‍िटाई कर रही हैं।

बुजुर्ग को पीटती रहीं महिलाएं

वीडियो में दोनों महिलाएं बीच सड़क पर बुजुर्ग महिला के बाल पकड़कर उन्‍हें घसीटते हुए और उन्‍हें थप्‍पड़ मारती देखी जा रही हैं। लेकिन सरेआम हुई इस घटना के बावजूद कोई तत्‍काल उन्‍हें बचाने के लिए आता नजर नहीं आ रहा है। वहां एक बच्‍चा जरूर मौजूद है, जो मारपीट की इस घटना का वीडियो बनाता नजर आ रहा है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी में कैद हुई इस घटना का वीडियो किसी ने इंटरनेट पर डाल दिया, जिसके बाद देखते ही देखते यह वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने बुजुर्ग महिला की बर्बरता से पिटाई की आलोचना की है। घटना सामने आने पर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू की। इस मामले में केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पिटाई से घायल बुजुर्ग महिला को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।