लाइव टीवी

UP Police की मुठभेड़ में कुख्यात शिव शक्ति नायडू ढेर,शिल्पा शेट्टी के पति से लूटे थे करोड़ों रुपए

Updated Feb 19, 2020 | 00:11 IST

यूपी पुलिस को मंगलवार को बड़ी कामयाबी मिली। मेरठ पुलिस ने मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश शिवशक्ति नायडू को मार गिराया। इस बदमाश पर शिल्पा शेट्टी के पति से करोड़ों रुपए लुटने का भी केस था।

Loading ...
यूपी पुलिस की मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश ढेर
मुख्य बातें
  • कुख्यात बदमाश शिव शक्ति नायडू को यूपी पुलिस ने किया ढेर
  • शिल्पा शेट्टी के पति के साथ हुई लूट में नायडू का था हाथ
  • परोल पर तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद अपने नेटवर्क को किया मजबूत

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि बीजेपी सरकार अपराधियों से किसी तरह की नरमी नहीं बरतेगी। मेरठ पुलिस ने एक ऐसे शातिर बदमाश शिव शक्ति नायडू को मार गिराया है जो दिल्ली में सबसे बड़ी लूट में से एक में शामिल था। दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा से करीब सात करोड़ अस्सी लाख की लूट हुई थी। नायडू से मुठभेड़ में डीएसपी दौराला भी घायल हुए हैं।

पुलिस ने बताया कैसे मारा गया शिवशक्ति
मेरठ के एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि कंकरखेड़ा थाने में नायडू के होने की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक मकान की घेरेबंदी की गई। नायडू को जब इस बात की भनक लगी कि वो घिर चुका है तो उसने भागने की कोशिश की। लेकिन वो फरार होने में नाकाम रहा, दोनों तरफ से फायरिंग में वो घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। 

शिल्पा शेट्टी के पति से की थी लूट
पुलिस के मुताबिक शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा से लाजपत नगर में करीब 8 करोड रुपये की लूट में शामिल था। वह करीब 6 साल जेल में रह चुका है। लेकिन परोल मिलने के बाद वो फरार हो गया।  मेरठ पुलिस का कहना है कि शिव शक्ति नायडू ने करीब 15 दिन पहले अपने साथी तिलकराज और उसके भतीजे हनी पर कातिलना हमला किया था। उस हमले में तिलकराज गंभीर रूप से घायल हो गया। लेकिन उसके भतीजे हनी की मौत हो गई।बड़ी बात ये है कि तिलकराज ने उस वक्त पुलिस के सामने दावा किया था कि नायडू  दिल्ली के एक एसीपी की हत्या कराने के लिए प्लानिंग कर रहा था। 

परोल पर जेल से बाहर आया और हुआ फरार
शक्ति नायडू ने करीब 6 साल पहले तिहाड़ जेल में रहकर अपना गैंग खड़ा किया।  पिछले साल जुलाई  में परोल पर बाहर आने के बाद उसने दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने नेटवर्क को मजबूत किया। पंजाब, यूपी, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में में लूट और डकैती के शातिर बदमाशों को नायडू ने अपने गैंग में शामिल किया। पुलिस का कहना है कि शिव शक्ति के गैंग में 30 से ज्यादा बदमाश हैं।