लाइव टीवी

अब त्रिपुरा में रेप करने के बाद पीड़िता को जलाया जिंदा, अस्पताल में हो गई मौत

Updated Dec 08, 2019 | 20:00 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

देशभर से महिलाओं के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब एक बार फिर से त्रिपुरा में एक युवती इसका शिकार हुई है। आरोपी ने रेप के बाद उसे जिंदा जला दिया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
त्रिपुरा में नाबालिग के साथ रेप के बाद जिंदा जलाया

नई दिल्ली : हैदराबाद और उन्नाव की घटना से जहां पूरा देश गुस्से की आग में जल रहा है वहीं इसी बीच त्रिपुरा से एक और ऐसी ही मिलती जुलती खबर सामने आ गई है। त्रिपुरा में एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ करीब डेढ़ महीने तक रेप करने के बाद आरोपी शख्स ने उसे जिंदा जला दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी उसके साथ रेप करने के बाद पीड़िता के परिवार के दबाव पर शादी करने को राजी हो गया था लेकिन उसने 5 लाक रुपए दहेज की शर्त रखी थी। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसने अपनी मां के साथ मिलकर रेप पीड़िता को जिंदा जला दिया। 

पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी अजय रुद्र पॉल और 59 वर्षीय उसकी मां अनिमा रुद्र पॉल को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़िता के पिता के हवाले से पुलिस ने बताया कि अजय ने उसकी बेटी को खोवई जिला स्थित कल्याणपुर के उसके घर से 28 अक्टूबर को किडनैप कर लिया था।

किडनैप करने के बाद उसने उसे त्रिपुरा के संतिर बाजार स्थित अपने घर ले गया। अजय ने उसके साथ पहले कई बार रेप किया फिर पीड़िता के घरवालों के दबाव पर वह उससे शादी करने को राजी हो गया। लेकिनउसके घर वालों से 5 लाख दहेज की मांग करने लगा। पीड़िता के परिवार की तरफ से दहेज की फर्स्ट इंस्टॉलमेंट देने का वादा किए जाने पर उसने पीड़िता के साथ 11 दिसंबर को शादी करने की बात कही। 

लेकिन अजय का अपनी मां से दहेज के नाम पर झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर पीड़िता के उपर केरोसिन डाल दिया और उसे जला दिया। गुस्साए पीड़िता के परिजनों और पड़ोसियों ने आरोपी अजय और उसकी मां अनिमा के साथ अस्पताल में ही मारपीट करने लगे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे मामले की जांच कर रहे हैं।

मौत के पहले पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया था जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है। पड़ोसियों के मुताबिक आरोपी के एक रिश्तेदार की शादी पीड़िता के परिवार में हुई थी। इसी समय से ये दोनों एक दूसरे के संपर्क में आए थे और धीरे-धीरे ये दोनों एक दूसरे के करीब आ गए।