लाइव टीवी

Ghaziabad: 2 साल की बच्ची को लेकर फ्लैट से कूदी महिला, दोनों की मौत, पति के खिलाफ केस

Updated Dec 28, 2020 | 16:14 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

गाजियाबाद में एक महिला ने अपनी 2 साल की बेटी के साथ चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस में पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Loading ...
प्रतीकात्मक तस्वीर

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक 26 वर्षीय महिला अपनी दो साल की बेटी को अपनी बाहों में पकड़ अपने फ्लैट से कूद गई। घटना शनिवार शाम शालीमार गार्डन में हुई। महिला का फ्लैट चौथी मंजिल पर है। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां प्रीति ने एक घंटे के बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। 

प्रीति के परिवार ने उसके पति अमित को दोनों की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि दिल्ली पुलिस में सिपाही अमित दहेज को लेकर कुछ महीनों से उसे परेशान कर रहा था। 

घटना के समय घर पर ही था अमित

साहिबाबाद क्षेत्र के सर्कल अधिकारी आलोक दुबे ने कहा कि यह लगभग शाम 7 बजे की घटना है जब प्रीति ने अपनी छोटी लड़की के साथ छलांग लगाई। गार्ड ने पहले उन्हें देखा और उनके पति अमित को सूचित किया। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। बच्ची को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसकी मां की एक घंटे के बाद इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के समय उसका पति फ्लैट के अंदर था। हमें महिला के परिवार से शिकायत मिली है। उनका आरोप है कि दहेज को लेकर अमित ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। 

कई महीनों से कर रहा था परेशान

प्रीति के भाई जो दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल हैं, उन्होंने कहा कि दोनों की 2018 में शादी हुई थी, लेकिन हाल ही में दहेज को लेकर उनके बीच खटास आ गई। शुक्रवार रात उनके बीच झगड़ा हुआ था। अमित मेरी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। हालांकि, मेरे पिता द्वारा अमित से फोन पर बात करने और यहां तक कि मिलने के बाद मामला शुक्रवार रात को सुलझा लिया गया था। यह पहली बार नहीं था जब अमित ने दहेज को लेकर उसे परेशान किया था। ऐसा वह कई महीनों से कर रहा था।