लाइव टीवी

Uttar Pradesh: जालौन में 21 साल की लड़की ने की आत्महत्या, पुलिस पर लगा प्रताड़ना का आरोप

Updated Aug 09, 2020 | 17:33 IST

उत्तर प्रदेश के जालौन से एक 21 साल की लड़की ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। दरअसल, पुलिस ने चोरी के आरोप में लड़की से पूछताछ की थी। उसके साथ मारपीट भी की गई।

Loading ...
लोगों ने किया हंगामा
मुख्य बातें
  • लड़की और उसकी 2 सहेलियों पर चोरी पर आरोप लगा था
  • तीनों को पुलिस थाने में ले आई और लंबी पूछताछ की
  • पुलिस पर पिटाई और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार सुबह एक 21 साल की लड़की ने आत्महत्या कर ली। दरअसल, उससे और उसकी दो सहेलियों से स्थानीय पुलिस ने चोरी के आरोपों पर पूछताछ की थी। लड़की और उसके सहेलियों को शुक्रवार दोपहर को पुलिस स्टेशन में लाया गया था। स्थानीय बाजार के दुकानदारों ने उन पर चोरी का आरोप लगाया था। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस द्वारा करीब 8 घंटों तक उनका मानसिक उत्पीड़न किया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि पूछताछ के दौरान केवल एक महिला कांस्टेबल मौजूद थी और पुरुष पुलिसकर्मियों ने लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार किया और टॉर्चर किया। मृतका की बहन ने कहा, 'पुलिस ने उसे प्रताड़ित किया और एक कहानी बनाई। उन्होंने उसे बाजार से पकड़ा, जहां उन्होंने उसे पीटा। वे उसे पुलिस स्टेशन ले गए, दरवाजों को बंद कर दिया और उसे फिर से पीटा। महिला पुलिस अधिकारी से ज्यादा पुरुष पुलिस अधिकारी ने उसकी पिटाई की।' 

लड़कियों को शुक्रवार शाम को छोड़ दिया गया था, लेकिन कथित तौर पर थाना प्रभारी ने उन्हें अगली सुबह वापस रिपोर्ट करने का आदेश दिया था। इसी से दुखी होकर लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लड़की की मौत के बाद उसके माता-पिता और गुस्साए ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन को घेर लिया और घंटों विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा पिटाई करने वाले दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। 

जालौन पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की कि आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया। एसीपी ने बयान जारी कर कहा, 'हमें ओराई कोतवाली पुलिस स्टेशन से जानकारी मिली है कि एक लड़की ने आत्महत्या कर ली है। पोस्टमार्टम चल रहा है। जब हमें इस पर रिपोर्ट मिलेगी और सभी तथ्यों को प्राप्त करने के लिए जांच करते हैं, तो हम बयान देंगे।'