लाइव टीवी

Noida: परिवार ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव, शख्स ने लड़की के भाई को मार डाला

Updated Aug 31, 2020 | 06:30 IST

Noida Crime: नोएडा में एक शख्स ने एक 7 साल के बच्चे की हत्या कर दी। आरोपी मृतक की बहन से शादी करना चाहता था लेकिन परिवार ने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

Loading ...
पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है
मुख्य बातें
  • शख्स ने की 7 साल के बच्चे की हत्या
  • मृतक बच्चे की बहन से शादी करना चाहता था आरोपी
  • परिवार ने शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक 24 साल के व्यक्ति को एक महिला के 7 साल के भाई की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला के परिवार ने इस लड़के के शादी के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था, जिसके बाद उसने ये कदम उठाया। शहर में गुरुवार को महामाया फ्लाईओवर के नीचे एक गड्ढे के पास लड़के का शव मिला था।

पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान के बाद परिवार से संपर्क किया, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। नोएडा के पुलिस उपायुक्त राजेश एस ने कहा, 'लड़के की मां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी के साथ शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिससे बाबू नाराज हो गया था। बाबू उसी गांव का था। कई दिनों से इसे लेकर झगड़ा हो रहा था।' 

इस घटना के बाद से बाबू फरार था, लेकिन उसे सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने रविवार को सेक्टर 44 कट के पास पकड़ लिया। डीसीपी ने बताया, 'यह सामने आया कि वह लड़के को फ्लाईओवर के नीचे ले गया  और उसे पानी से भरे गड्ढे में डुबोकर मार दिया। वह शव को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। शादी से जुड़ी घटना के कारण उसने यह सब किया।' 

पश्चिम बंगाल के रहने वाले बाबू पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 201 (साक्ष्य मिटाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है, अधिकारी ने कहा कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।