लाइव टीवी

Jharkhand: दहेज के लिए महिला को रस्सी से बांधा, फिर केरोसिन छिड़ककर जिंदा जलाया

Updated Sep 26, 2021 | 08:47 IST

झारखंड के गोड्डा में एक महिला को दहेज की कीमत अपनी जाने देकर चुकानी पड़ी है। महिला को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे ससुराल वालों ने उसे जिंदा जला दिया।

Loading ...
दहेज के लिए महिला को रस्सी बांधा,केरोसिन छिड़ककर जिंदा जलाया
मुख्य बातें
  • झारखंड के गोड्डा में दहेज की मांग को लेकर महिला को जिंदा जलाया
  • महिला के हाथ-पांव बांधकर ससुराल वालों ने छिड़का केरोसिन
  • पुलिस ने केस दर्ज करते हुए महिला के पति को किया गिरफ्तार

गोड्डा: दहेज के खिलाफ सख्त कानून के बावजूद भी भारत में हर दिन दहेज प्रताड़ना के कई मामले सामने आते हैं। कई मामलों में तो नवविवाहिता की हत्या तक कर दी गई है। ताजा मामला  झारखंड के गोड्डा जिले से आया है जहां दहेज के लिये महिला पर कथित तौर पर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया गया। पुलिस ने शनिवार को इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया। 

मृतका है तीन बच्चों की मां

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुसुमारा गांव की है। पीटीआई के मुताबिक 16 सितंबर को तीन बच्चों की मां सोनी देवी को दहेज की लालच में पति और सास-ससुर ने पहले रस्सी से बांधा और फिर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। जब पीड़िता की मौत हो गई तो ससुराल वालों ने मामले पर पर्दा डालने के लिए गैस सिलेंडर फटने की बात कही, ताकि पुलिस को भी चकमा दिया जा सके

सूत्रों ने बताया कि जलाने के बाद ससुराल पक्ष के लोग आनन-फानन में सोनी देवी को गोड्डा सदर अस्पताल ले गए, जहां से उसे भागलपुर रेफर किया गया लेकिन डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे पटना एम्स रेफर कर दिया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पीड़िता की मौत के बाद गांव में भी मामले की खूब चर्चा होने लगी और बात पुलिस तक पहुंच गई।

पुलिस ने दर्ज किया केस

उन्होंने बताया कि 24 सितंबर की देर रात मृतका के शव को अस्पताल लाया गया जहां पोस्टमार्टम करने के बाद शनिवार को मामले का खुलासा हुआ। इस मामले में मुफस्सिल थाने में पति राजेश पासवान, ससुर रंजन पासवान और सास दसमति देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश के निर्देश पर मृतका के पति राजेश पासवान को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी कर रही है।