लाइव टीवी

'मैं विकास दुबे हूं..कानपुर वाला', गिरफ्तारी के समय हिस्ट्रीशीटर ने उजागर की अपनी पहचान VIDEO

Updated Jul 09, 2020 | 11:29 IST

Vikas Dubey arrested from Ujjain: कानपुर मुठभेड़ का मास्टरमाइंड और आठ पुलिसकर्मियों का हत्यारा विकास दुबे गुरुवार को गिरफ्तार हुआ। मध्य प्रदेश पुलिस ने उसे महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया।

Loading ...
मुख्य बातें
  • हिस्ट्रशीटर विकास दुबे उज्जैन के महाकाल मंदिर से गुरुवार को हुआ गिरफ्तार
  • अपनी गिरफ्तारी के समय हिस्ट्रीशीटर बोला-मैं विकास दुबे हूं कानपुर वाला
  • यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में अब तक विकास के छह साथी मारे गए हैं

उज्जैन (मध्य प्रदेश) : कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की बेरहमी से हत्या करने वाला हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की गिरफ्तारी मध्य प्रदेश के उज्जैन से हुई है। मध्य प्रदेश पुलिस ने गुरुवार सुबह उसे महाकाल मंदिर के समीप गिरफ्तार किया। विकास की गिरफ्तारी के समय की तस्वीरें एवं दृश्य वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस जब विकास को गिरफ्तार कर रही थी उस समय हिस्ट्रीशीटर ने मीडियावालों को देखकर अपनी पहचान उजागर की। उसने कहा-'मैं विकास दुबे हूं...कानपुर वाला।'

विकास ने आठ पुलिसकर्मियों की हत्या की है
बता दें कि गत दो जुलाई की रात बिकरू गांव में विकास और उसके गुर्गों ने दो पुलिस अधिकारी सहित आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी। विकास और उसके सहयोगियों ने पुलिस के हथियार भी लूटे। इसके बाद विकास और उसके सभी साथी फरार थे। उत्तर प्रदेश पुलिस ने विकास और उसके साथियों को पकड़ने के लिए करीब 60 टीमें बनाई थी। पुलिस की ये टीमें अलग-अलग जगहों पर छापे मारे लेकिन विकास के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस हिस्ट्री शीटर के बारे में जानकारी देने के लिए यूपी पुलिस ने विकास के सिर पर ढाई लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया। पिछले कुछ दिनों में यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में विकास के छह साथियों को मार गिराया है।

चौहान ने सीएम आदित्यनाथ से की बात
उज्जैन में विकास की गिरफ्तारी होने पर राज्य सरकार के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मध्य प्रदेश की पुलिस की पीठ थपथपाई है। मिश्रा ने कहा कि राज्य की पुलिस अलर्ट पर थी। उन्होंने कहा कि विकास की गिरफ्तारी मध्य प्रदेश पुलिस की एक बड़ी कामयाबी है। इस बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की है। चौहान ने कहा है कि विकास दुबे को यूपी पुलिस को सौंपा जाएगा। मध्य प्रदेश के सीएम ने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी के साथ संपर्क में हैं।

यूपी पुलिस पर उठे सवाल 
इस दुर्दांत अपराधी के गिरफ्तार होने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यूपी पुलिस की इतनी मुस्तैदी के बावजूद विकास दुबे राज्य की सीमा लांघकर मध्य प्रदेश कैसे पहुंच गया। बताया जा रहा है कि पुलिस से लूटे गए एक-47 और इंसास जैसे जैसे घातक हथियार विकास के पास थे। इन हथियारों के साथ कोई चेकपोस्ट कैसे पार कर सकता है। जाहिर तौर पर इस पूरे मामले में यूपी पुलिस की खामी नजर आई है। बताया यह भी जा रहा है कि इस मामले से यूपी पुलिस जिस तरह से निपटी है उससे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ खुश नहीं हैं।