लाइव टीवी

छत्तीसगढ़: जशपुर में बड़ा हादसा, कई लोगों को तेज कार ने रौंदा, 1 की मौत, 16 घायल

Updated Oct 15, 2021 | 21:01 IST

छत्तीसगढ़ के जशपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। कार को लोगों ने पीछाकर पकड़ा, ड्राइवर को पकड़ा गया और उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

Loading ...

छत्तीसगढ़ के जशपुर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया है। हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि 15 घायल हुए हैं, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को इलाज के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल ले जाया गया। कई घायलों की हालत नाजुक है। कार से गांजा बरामद हुआ है। लोगों ने कार ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। गुस्साई भीड़ ने कार में आग लगा दी।

प्रखंड चिकित्सा अधिकारी जेम्स मिंज ने कहा कि एक शव को अस्पताल लाया गया, 16 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से 2 को एक्स-रे के बाद दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है जिससे फ्रैक्चर हुआ है। 

जशपुर एसपी कार्यालय की तरफ से बताया गया कि जशपुर के पत्थलगांव में एक तेज रफ्तार कार द्वारा लोगों को कुचलने की घटना के दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बबलू विश्वकर्मा और शिशुपाल साहू मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और छत्तीसगढ़ से गुजर रहे थे। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एक की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल, 15 को मामूली चोटें आईं। एसएचओ पत्थलगांव लाइन अटैच, एएसआई निलंबित धारा 302 और 304 के तहत प्राथमिकी दर्ज होगी।

हादसे पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा कि जशपुर की घटना बहुत दुखद और हृदयविदारक है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथमदृष्टया दोषी दिख रहे पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। जांच के आदेश दिए गए हैं। कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। सबके साथ न्याय होगा। ईश्वर दिवंगतजनों की आत्मा को शांति दे। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि पत्थलगांव की घटना दिल दहला देने वाली है। एक गांजा तस्कर की गाड़ी पीछे से आती है और विसर्जन के जुलूस को रौंदते हुए निकल जाती है। 16 लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं और एक की मौत होती है। कोई पुलिसकर्मी वहां पर नहीं दिखता जबकि वहां रूट डायवर्ट किया जाना चाहिए। ये सीधा लापरवाही है, असामाजिक तत्वों का हौसला छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा है। CM लखीमपुर जा सकते हैं तो यहां जाकर भी लोगों की पीड़ा सुननी चाहिए। मृतक परिवार को 50 लाख और घायलों को 10 लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराएं। पुलिस अधीक्षक को तत्काल हटा दें।