लाइव टीवी

क्या दिल्ली में वीकेंड के बाद लगेगा वीकडेज का कर्फ्यू, आज लेफ्टिनेंट गवर्नर से मिलेंगे केजरीवाल

Updated Apr 19, 2021 | 07:22 IST

Delhi weekend curfew : रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि लेफ्टिनेंट गवर्नर से मुलाकात के बाद केजरीवाल राजधानी में और कड़े प्रतिबंधों की घोषणा कर सकते हैं।

Loading ...
दिल्ली में लागू हो सकता है वीकडेज कर्फ्यू।
मुख्य बातें
  • दिल्ली में तेजी से बिगड़ रहे हैं कोरोना संक्रमण के हालात,अस्पतालों में बेड भरे
  • संक्रमण पर रोक लगाने के लिए केजरीवाल सरकार ने लगाया वीकेंड पर कर्फ्यू
  • एलजी मुलाकात के बाद नए प्रतिबंधों की घोषणा कर सकते हैं दिल्ली के सीएम

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण की स्थिति गंभीर हो गई है। यहां संक्रमण के नए मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। अस्पतालों में कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़ाने से स्वास्थ्य सेवा चरमराने लगी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस बात का संकेत दे चुके हैं। राजधानी में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री सोमवार को लेफ्टनेंट गवर्नर अनिल बैजल से मुलाकात करेंगे। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में कोरोना के केस जिस तेजी के साथ बढ़ रहे हैं उसे देखते हुए दिल्ली सरकार वीकेंड (शनिवार, रविवार) कर्फ्यू को बढ़ाकर सातों दिन करने पर विचार कर रही है। 

दिल्ली में लागू हो सकते हैं और नए कड़े प्रतिबंध
रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि लेफ्टिनेंट गवर्नर से मुलाकात के बाद केजरीवाल राजधानी में और कड़े प्रतिबंधों की घोषणा कर सकते हैं। रविवार को राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामलों में जबर्दस्त उछाल देखने को मिला। बीते दिन दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के नए 25,462 केस मिले जबकि 161 लोगों की मौत हुई। यहां पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 30 प्रतिशत हो गई है। दिल्ली में इस समय कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 74, 941 है। इस महामारी से अब तक 12,121 लोगों की जान जा चुकी है। 

लगातार बिगड़ रही दिल्ली की स्थिति  
पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री ने राज्य में वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान किया। साथ ही नई गाइडलाइन जारी की। अपने एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, 'वीकेंड कर्फ्यू से दिल्ली में कोरोना की चेन तोड़ने में मदद मिलेगी। ये प्रतिबंध लोगों की सुरक्षा के लिए हैं। हम लोगों की मदद से कोरोना की इस लहर को हरा पाएंगे।'  दिल्ली में वीकेंड पर शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लागू रहा। इस दौरान राजधानी में जरूरी सेवाओं को छूट रही। दिल्ली सरकार की नई गाइडलाइन के मुताबिक शॉपिंग मॉल्स, जिम, स्पा, ऑडिटोरियम, पार्क एवं सार्वजनिक जगहों पर पाबंदी लगाई गई। सिनेमाघरों को अपनी 30 प्रतिशत की क्षमता के साथ खोले जाने की अनुमति है। 

तेजी से भरे आईसीयू के बेड्स
केजरीवाल ने रविवार को कहा, मुख्यमंत्री ने कहा, 'दिल्ली के अस्पतालों में कोरोना के बेड बहुत तेजी से खत्म हो रहे हैं। आईसीयू बेड की संख्या काफी कम हो गई है। पूरी दिल्ली में 100 से भी कम आईसीयू बेड बचे हैं। ऑक्सीजन की भी काफी कमी है। हम लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में हैं और हमें केंद्र सरकार से मदद मिल रही है। कल मेरी डॉ. हर्षवर्धन से बात हुई, मैंने उन्हें बताया कि हमें बेड और ऑक्सीजन की बहुत ज़्यादा जरूरत है। आज अमित शाह से बात हुई, मैंने उन्हें भी बताया कि बेड की बहुत जरूरत है। दिल्ली में केंद्र सरकार के अस्पतालों में 10,000 बेड हैं, उसमें 1800 बेड कोरोना के लिए आरक्षित हैं।'

नए बेड्स का इंतजाम कर रही दिल्ली सरकार
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में अगले दो दिन में कोविड-19 रोगियों के लिए 1,400 से 2,000 बिस्तर तैयार हो जाएंगे। उन्होंने यमुना क्रीड़ा स्थल और राष्ट्रमंडल खेलगांव का दौरा कर वहां कोविड देखभाल केन्द्र तैयार किए जाने की समीक्षा की। उन्होंने कहा, 'लोगों के लिए हम अधिक से अधिक ऑक्सीजन बिस्तरों का प्रबंध कर रहे हैं। अगले दो दिन में 1,400 से 2000 बिस्तर उपलब्ध हो जाएंगे।' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हम यमुना क्रीड़ा स्थल और राष्ट्रमंडल खेलगांव में 500-500 बिस्तर तैयार कर रहे हैं जबकि दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में 100 बिस्तरों का इंतजाम किया जा रहा है।’

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।