लाइव टीवी

Delhi Free Bus Facility: दिल्‍ली सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, अब श्रमिक भी कर सकेंगे दिल्ली में फ्री बस यात्रा

Updated May 05, 2022 | 14:12 IST

Delhi Free Bus Facility: दिल्‍ली सरकार ने निर्माण से जुड़े श्रमिकों के लिए फ्री बस यात्रा की योजना शुरू की है। अब निर्माण श्रमिक दिल्ली परिवहन निगम की बसों में बिना कोई किराया दिए सफर कर सकेंगे। इस योजना की शुरुआत उपमुख्यमंत्री व श्रम मंत्री मनीष सिसोदिया ने की। इससे दिल्‍ली के 10 लाख निर्माण श्रमिकों को लाभ मिलेगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
निर्माण श्रमिकों को पास देते उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया
मुख्य बातें
  • निर्माण श्रमिक अब दिल्‍ली की बसों में कर सकेंगे फ्री यात्रा
  • दिल्‍ली सरकार श्रमिकों का बनवाएगी फ्री बस पास
  • इससे दिल्‍ली के 10 लाख निर्माण श्रमिकों को मिलेगा फायदा

Delhi Free Bus Facility: दिल्ली में कार्य करने वाले निर्माण से जुड़े श्रमिकों को दिल्‍ली की आम आदमी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। ये श्रमिक अब दिल्ली परिवहन निगम की बसों में बिना कोई किराया दिए सफर कर सकेंगे। इस योजना की शुरुआत उपमुख्यमंत्री व श्रम मंत्री मनीष सिसोदिया ने की। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उन्‍होंने 100 निर्माण श्रमिकों को मुफ्त बस यात्रा पास भी दिए।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस देश के सबसे बड़े निर्माता निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिक हैं। ये अपने कार्यों से देश के आर्थिक विकास में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दिल्ली सरकार इन राष्ट्र निर्माताओं की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उपमुख्‍यमंत्री ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का मानना था कि जिन्हें कुदरत से कम मिला है, उनके लिए सरकार लाभकारी योजनाएं बनाएं। दिल्‍ली की सरकार यही कर रही है।

मिलेगा 10 लाख श्रमिकों को फायदा

उपमुख्‍यमंत्री ने कहा कि दिल्‍ली में ज्यादातर श्रमिक निर्माण स्थल से काफी दूर रहते हैं और उन्‍हें रोजाना अपने निर्माण स्थल तक आने-जाने के लिए पैसा खर्च करना पड़ता है। जिससे इन्‍हें अपना घर चलाने में मुश्किल होती है। इन श्रमिकों की समस्‍या को ध्‍यान में रखकर यह योजना शुरू की गई है। दिल्‍ली सरकार के मुताबिक राजधानी में करीब 10 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, इन सभी को इस मुफ्त बस पास का फायदा मिल सकेगा। उपमुख्‍यमंत्री ने कहा कि अब श्रमिक भाई पूरे शहर में डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर पाएंगे। उन्‍हें कहीं भी आने-जाने के लिए बस में टिकट नहीं लेना पड़ेगा।

बस पास के लिए नहीं खराब करनी पड़ेगी दिहाड़ी

उपमुख्‍यमंत्री ने बस पास पाने के तरीके की जानकारी देते हुए बताया कि, श्रमिकों को इस बस पास के लिए ऑफिसों के चक्‍कर नहीं काटने पड़ेंगे। निर्माण श्रमिकों को डीटीसी की वेबसाइट पर या दिल्ली बिल्डिंग एंड कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड द्वारा शुरू किए जा रहे 34 रजिस्ट्रेशन बूथों पर मुफ्त पास के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के कुछ दिनों बाद ही पास जारी कर दिया जाएगा। श्रमिकों को पास बनवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी दिहाड़ी नहीं गंवानी पड़ेगी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने श्रमिकों से अपील की जल्द से जल्द श्रमिक दिल्ली बिल्डिंग एंड कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड के साथ रजिस्टर्ड कराएं।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।