लाइव टीवी

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020: रैली में अनुराग ठाकुर बोले 'देश के गद्दारों को' तो भीड़ ने कहा-'गोली मारो सालों को

Updated Jan 27, 2020 | 18:20 IST

Dehi assembly elections 2020 :

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020।

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं वैसे-वैसे चुनावी पारा बढ़ता जा रहा है। नेताओं के एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी तेज होती जा रही है। यहां तक कि आपत्तिजनक बयान देने से भी नेता परहेज नहीं कर रहे। इसी क्रम में सोमवार को रिठाला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनावी रैली के दौरान विवादास्पद नारे लगे। इस रैली में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर मौजूद थे और उनकी उपस्थिति में भड़काऊ बयानबाजी हुई।

रिठाला में मंच पर मौजूद केंद्रीय मंत्री ने नारा लगाया 'देश के गद्दारों को', तो इस पर भीड़ ने जवाब दिया, 'गोली मारो सालों को'। लोगों के इस जवाब पर ठाकुर ताली बजाते हुए देखे गए। इसके थोड़ी बाद गृह मंत्री अमित शाह भी वहां पहुंच गए। मंच पर गिरिराज सिंह भी मौजूद थे।

अनुराग ठाकुर के इस बयान पर विवाद खड़ा हो सकता है। सीएए के खिलाफ हुई हिंसा की जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि असमाजिक एवं राष्ट्र विरोधी तत्वों ने उग्र एवं हिंसक प्रदर्शनों को हवा दी। देश भर कई जगहों पर हिंसक प्रदर्शनों में करीब दो दर्जन लोगों की मौत हुई। राजधानी दिल्ली में भी हिंसा एवं आगजनी हुई। भाजपा इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रही है। 

भाजपा ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर 'राष्ट्र विरोधी तत्वों' का समर्थन करने का आरोप लगाया है। सीएए के खिलाफ शाहीन बाग में जारी धरने पर भाजपा का कहना है कि 'राष्ट्रविरोधी तत्वों' के उकसावे पर लोग वहां धरने पर बैठे हैं। 

बता दें कि दिल्ली में गत 8 फरवरी को विधानसभा की 70 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे और नतीजे 11 फरवरी को आएंगे। इस बार मुख्य मुकाबला भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राज्य में पांच सालों के अपने विकास कार्यों के आधार पर वोट मांग रहे हैं जबकि भाजपा केजरीवाल के वादों पर उन्हें घेर रही है।  

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।