लाइव टीवी

12 साल की बच्ची के साथ बर्बरता: मर्डर के लिए 2006 में भी पकड़ा गया था आरोपी, 'अच्छे व्यवहार' के लिए छोड़ा

Updated Aug 08, 2020 | 07:23 IST

दिल्ली में 12 साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया गया और उस पर बर्बर हमले भी किए गए। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। 2014 में 'अच्छे व्यवहार' के चलते उसे छोड़ दिया गया।

Loading ...
आरोपी की पहचान कृष्ण के रूप में हुई है
मुख्य बातें
  • दिल्ली में 12 साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न और शारीरिक प्रताड़ना
  • एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है
  • आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, आदि सहित चार मामले दर्ज हैं

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 12 साल की बच्ची के साथ क्रूरतापूर्ण यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार 33 साल व्यक्ति को 2006 में बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में 29 साल की महिला की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। कृष्ण कुमार नाम के व्यक्ति को 2006 के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, लेकिन 2014 में उसे 'अच्छे व्यवहार' के आधार पर रिहा कर दिया गया था।

वर्तमान मामले में आरोपी कथित रूप से चोरी का प्रयास कर रहा था जब बच्ची ने विरोध किया और उसने कथित तौर पर हमला किया और उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने कहा कि उसने लड़की को मरा हुआ मान लिया था और घर में मिले 200 रुपए लेकर निकल गया। पुलिस डोजियर के अनुसार, आरोपी मंगोलपुरी का रहने वाला है।

2006 में किया था महिला का मर्डर

'इंडियन एक्सप्रेस' की खबर के अनुसार, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे 2006 में अपराध के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी और उसे तिहाड़ जेल के रसोई कर्मचारियों के साथ काम पर लगाया गया था। उन्होंने कहा, 'स्कूल छोड़ने के बाद उसने एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करना शुरू किया, समय के साथ शराबी हो गया और चोरी करना शुरू कर दिया। 2006 में जब वह और उसका एक सहयोगी एक घर में घुसे तो घर की महिला ने चिल्लाने की कोशिश की। आरोपी ने उसे ईंट से मारना शुरू कर दिया। उसने विरोध करने की कोशिश की, और वह और अधिक आक्रामक हो गया और उसे मार डाला।'

अधिकारी ने बताया, '2014 में उसे अच्छे व्यवहार के आधार पर रिहा किया गया था। वह बाहर आया। उसके माता-पिता ने उसे अस्वीकार कर दिया था। उसने एक फैक्ट्री में काम करना शुरू कर दिया। 2016 में उसे पश्चिम विहार से चोरी के लिए गिरफ्तार किया गया। उसे जेल भेज दिया गया, लेकिन चार महीने बाद ही जमानत पर बाहर आ गया।' 

नाजुक बनी हुई है बच्ची की हालत

आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, आदि सहित चार मामले दर्ज हैं। वर्तमान मामले में पश्चिम विहार थाना पुलिस में आईपीसी की धारा 307 (हत्या के प्रयास) और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं बच्ची आंतों और सिर में लगी गंभीर चोटों के कारण अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। बच्ची एम्स में भर्ती है। वहां के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने कहा कि बच्ची को पीटा गया और धारदार हाथियार से उस पर वार किए गए। उसकी हालत नाजुक है और वह ऑक्सीजन के सहारे है। उन्होंने कहा, 'उसे सिर में बहुत चोट आयी है और उसकी हालत नाजुक है। उसकी मलाशय और आंतें बुरी तरह जख्मी थीं, शायद कोई चीज उनके अंदर डाली गई थी। इसी कारण उसे तुरंत इताल की जरुरत थी और हमने उसके यहां आते ही सर्जरी की।' बच्ची का सिर्फ यौन उत्पीड़न नहीं हुआ है, उसके सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किया गया है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।