लाइव टीवी

दिल्ली: तीस हजारी कोर्ट में पुलिस और वकीलों के बीच झड़प, हुई फायरिंग, आगजनी और तोड़फोड़

Updated Nov 02, 2019 | 17:26 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Tis Hazari Court: तीस हजारी अदालत परिसर में शनिवार दोपहर वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस के वाहन में आग लगा दी गई।

Loading ...
तीस हजारी कोर्ट परिसर
मुख्य बातें
  • तीस हजारी अदालत परिसर में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प
  • पार्किंग को लेकर वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हुई
  • झड़प के दौरान वाहन में आग लगा दी गई, घायल वकील अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में तीस हजारी कोर्ट परिसर में पुलिस और वकीलों के बीच झड़प हो गई है। वहां काफी हंगामा हो गया है। इसमें एक वकील के घायल होने की खबर है। वकील को पुलिस की गोली लगी है। वकील को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वकील कैंपस में फायरिंग कर रहे हैं। वकीलों ने गेट के बाहर ताला लगा दिया है। बताया जाता है कि विवाद पार्किंग को लेकर हुआ। कई वाहनों से तोड़फोड़ की गई है, कई में आग लगाई गई है। वकीलों ने पुलिस के वाहनों में आग लगाई, वे नारेबाजी कर रहे हैं। 

तीस हजारी बार एसोसिएशन के पदाधिकारी जय बिस्वाल ने बताया, 'एक पुलिस वाहन ने एक वकील के वाहन को टक्कर मार दी, उस समय वह अदालत में आ रहा था। जब वकील ने कुछ कहा तो उनका मजाक उड़ाया गया और 6 पुलिसकर्मी उन्हें अंदर ले गए और पिटाई की। लोगों ने इसे देखा और पुलिस को बुलाया।' 

उन्होंने आगे कहा, 'एसएचओ और स्थानीय पुलिस वहां आए लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। हमने हाई कोर्ट को सूचित किया, एक टीम को 6 न्यायाधीशों के साथ वहां भेजा गया था, लेकिन यहां तक कि उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। जब उन्होंने जाना शुरू किया, तो पुलिस ने गोलियां चलाईं।' 

वहीं बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के अध्यक्ष केसी मित्तल ने कहा, 'हम तीस हजारी कोर्ट में पुलिस द्वारा वकीलों पर किए गए क्रूर हमले की कड़ी निंदा करते हैं। एक वकील गंभीर घायल है। लॉकअप में एक युवा वकील को पीटा गया। उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए और मुकदमा चलाया जाना चाहिए। हम दिल्ली के वकीलों के साथ खड़े हैं।'

तीस हजारी कोर्ट में न्यूज एजेंसी ANI के पत्रकार को वकीलों ने मारा। वह वकीलों और दिल्ली पुलिस के बीच की हाथापाई कवर कर रहा था। वहां मौजूद वकीलों द्वारा पत्रकारों को घटना कवर करने से रोका जा रहा है और उनके मोबाइल फोन छीन लिए जा रहे हैं।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।