लाइव टीवी

Delhi Police: राजधानी के घरों में अब नहीं होगी चोरी, दिल्ली पुलिस इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से करेगी रखवाली

Updated Jul 06, 2022 | 17:48 IST

Delhi Police: राजधानी में बंद घरों के सुरक्षा की जिम्‍मेदारी अब दिल्‍ली पुलिस संभालेगी। इसके लिए पुलिस द्वारा एक खास डिवाइस विकसित किया जा रहा है। जिसे घरों पर लगाया जाएगा और उसकी मदद से पुलिस कंट्रोल रूम से घरों पर नजर रख सकेगी। अगस्‍त माह से इसका ट्रायल पश्चिमी दिल्ली जिले में शुरू किया जाएगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
दिल्‍ली पुलिस डिवाइस की मदद से रोकेगी बंद घरों में चोरी
मुख्य बातें
  • खास डिवाइस की मदद से पुलिस रखेगी घरों पर नजर
  • सेंसर और हाईटेक कैमरे से लैस होगा यह डिवाइस
  • घर के लोग भी एप की मदद से ले सकेंगे फीडबैक

Delhi Police: राजधानी के लोगों की सबसे बड़ी समस्‍या सुरक्षा है। ज्‍यादातर लोग सिर्फ इसलिए अपने पूरे परिवार के साथ घूमने नहीं जा पाते कि कहीं पीठ पीछे चोर घर पर धावा न बोल दें। हालांकि अब लोगों को अपने घर की सुरक्षा की चिंता नहीं सताएगी, क्‍योंकि बंद घरों की सुरक्षा की जिम्‍मेदारी अब दिल्‍ली पुलिस संभालेगी। घरों की रखवाली के लिए उन पर विशेष उपकरण लगाने की योजना बनाई गई है। इस उपकरण की मदद से पुलिस बगैर घर पर आए कंट्रोल रूम से ही पूरी नजर रखेगी और वारदात की आशंका होने पर तुरंत कार्रवाई करेगी।

इस योजना की रूपरखा तैयार कर ली गई है और इसे एक महीने के अंदर पश्चिमी दिल्ली जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू कर दिया जाएगा। अगर योजना सफल रही तो इसे कुछ माह में पूरी दिल्ली में लागू कर दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों को उम्‍मीद है कि इस योजना से राजधानी के बंद घरों में ताला तोड़कर या सेंधमारी कर होने वाली चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगा।

डिवाइस में होंगे सेंसर और कैमरे

दिल्‍ली पुलिस अभी इसके डिवाइस और उससे जुड़े ऐप पर काम करने में जुटी है। इसके लिए विशेषज्ञों से मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस डिवाइस को विशेषज्ञों की टीम जुलाई माह के अंत तक तैयार कर लेगी। इस खास डिवाइस में सेंसर और कैमरे लगे होंगे। जिसकी मदद से इस डिवाइस को ऐप के जरिए भी संचालित किया जा सकेगा। ऐप की मदद से घर वाले भी 24 घंटे अपडेट ले सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार डिवाइस को सैटेलाइट के माध्यम से पुलिस मुख्यालय स्थित मास्टर कंट्रोल रूम से भी जोड़ा जाएगा।

इस तरह काम करेगी यह डिवाइस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस डिवाइस से लैस घर के सदस्य जब बाहर जाएंगे तो उन्‍हें इसके बारे में पुलिस को भी अवगत कराना होगा। इसके बाद पुलिस मास्टर कंट्रोल रूम के जरिए डिवाइस को एक्टिव मोड में डाल देगी। जैसे ही कोई घर में घुसने की कोशिश करेगा तो यह डिवाइस कंट्रोल रूम में सिग्नल भेज देगा। साथ ही डिवाइस में लगे कैमरे भी एक्टिव होकर लाइव वीडियो फुटेज कंट्रोल रूम को भेजने लगेंगे। जिसके बाद मास्टर कंट्रोल रूम की तरफ से स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी जाएगी और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच जाएगी। अधिकारियों के अनुसार इस डिवाइस को लेने के लिए लोगों को पुलिस के पास रजिस्टर कराना होगा।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।