लाइव टीवी

सीमापुरी सड़क हादसा, जिंदगी कमाने आए थे जीवन ही हार बैठे, दिनभर की थकान से चूर होकर फुटपाथ को बनाया था आसरा

Updated Sep 21, 2022 | 12:08 IST

Delhi Road Accident: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में मंगलवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने डिवाइडर पर सो रहे छह लोगों को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
दिल्ली में अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बने डिवाइडर पर सो रहे छह लोगों को कुचल दिया।
मुख्य बातें
  • दिल्ली के सीमापुरी इलाके में रफ्तार का कहर
  • तेज रफ्तार ट्रक ने डिवाइडर पर सो रहे छह लोगों को कुचला
  • दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत, दो लोग घायल

Delhi Road Accident: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से रफ्तार का कहर गरीबों पर टूटा। जिंदगी कमाने के लिए गांव छोड़ बड़े शहर में आए चार लोग फिर अपना सबकुछ हार गए, जीवन भी। राजधानी के सीमापुरी इलाके में मंगलवार की देर रात अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बने डिवाइडर पर सो रहे छह लोगों को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना रात करीब 1.51 बजे पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार घटना देर रात करीब पौने दो बजे की बताई जा रही है। तेज रफ्तार एक ट्रक दिल्ली के सीमापुरी में दिल्ली परिवहन निगम डिपो ट्रैफिक लाइट को पार कर रहा था। ट्रक बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है। वाहन का पता लगाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

ये दर्द-मजबूरी कौन समझेगा भला 

हादसे के बाद आस-पास के लोग घायलों की मदद को दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खून से लथपथ शरीर, मुंह से निकलती चीखें और आंखों में जिंदगी बच जाने की आस घायलों के चेहरों पर नजर आ रही थी। कुछ ने मानों हार मान ली थी। हादसे में नई सीमापुरी दिल्ली में रहने वाले 52 वर्षीय करीम,  25 वर्षीय छोटे खान, शाह आलम और उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद निवासी 45 वर्षीय राहुल की मौत हो गई। वहीं साहिबाबाद निवासी 16 वर्षीय मनीष और ताहिरपुर निवासी 30 वर्षीय प्रदीप गंभीर घायल हैं। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर थे और दिनभर काम करने के बाद थकान से चूर होकर फुटपाथ पर ही सोते थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि एक शख्स की लापरवाही उन्हें हमेशा के लिए गहरी नींद में सुला देगी। पुलिस ने सभी के परिजनों को सूचित कर दिया है। 

हाई स्पीड का कहर पहले भी आया नजर 

आपको बता दें कि तेज रफ्तार का कहर हाईवे ही नहीं दिल्ली की सड़कों पर भी लगातार नजर आ रहा है। इसी साल 19 मई को दिल्ली में तेज रफ्तार एक कार ने एक डिलीवरी एजेंट को कुचल दिया था। वहीं 23 अप्रैल को तेज रफ्तार कार ने बाइक और ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में चार लोग गंभीर घायल हो गए थे। 21 अगस्त को एक ट्रक ड्राइवर में बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में 26 वर्षीय संजय की मौत हो गई थी वहीं 25 वर्षीय गौरव को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया था। 

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।