लाइव टीवी

Delhi Heat Weather: दिल्ली में उमस भरी गर्मी ने किया बेहाल, कई इलाकों में पारा 47 डिग्री कर गया पार

Updated May 14, 2022 | 22:51 IST

दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों में भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तापमान 46.9 डिग्री, पीतमपुरा में 46.4 डिग्री, जाफरपुर में 45.8 डिग्री और रिज एवं आयानगर में 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

Loading ...
दिल्ली में उमस भरी गर्मी ने किया बेहाल

नयी दिल्ली:  दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी से शनिवार को पूरे दिन लोग बेहाल रहे और राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि मुंगेशपुर में अधिकतम पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तो नजफगढ़ में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही स्थानों पर पारा सामान्य से कम से कम सात डिग्री ज्यादा रहा।

हालांकि सफदरजंग वेधशाला में पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है और मौसम का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। सफरजंग वेधशाला में दर्ज पारे को शहर का आधिकारिक तापमान माना जाता है। इसमें शुक्रवार को पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। आईएमडी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी के सभी मौसम केंद्रों में दिन में लू की स्थिति दर्ज की गई।

मध्य प्रदेश: नौगांव में सबसे अधिक 48 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड, देश में दूसरा सबसे गर्म स्थान

आईएमडी मौसम की चेतावनियों के लिए चार रंग कोड का उपयोग करता है, जिसमें हरा (कोई कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), पीला (देखें और अपडेट रहें), नारंगी (तैयार रहें) और लाल (कार्रवाई करें) शामिल हैं।

अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक होने पर हीटवेव घोषित की जाती है। आईएमडी के अनुसार, यदि सामान्य तापमान से प्रस्थान 6.4 डिग्री से अधिक है, तो एक गंभीर हीटवेव घोषित की जाती है।

संडे को और भीषण गर्मी पड़ सकती है

विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि शहर में रविवार को और भीषण गर्मी पड़ सकती है तथा इसके लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण 1951 के बाद अप्रैल दूसरी बार सबसे गर्म रहा। महीने का अधिकतम औसत तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।इस महीने के आखिर में शहर के कई हिस्सों में पारा 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

'रविवार को सफदरजंग में इसके 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना'

निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट में उपाध्यक्ष (मौसम एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा, 'दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चल रही गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं पारे को और ऊपर ले जाएंगी। रविवार को सफदरजंग में इसके 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।' उन्होंने कहा, 'पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण से मानसून पूर्व गतिविधियों का आगाज़ होगा जिससे लोगों को सोमवार और मंगलवार को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।' आईएमडी ने कहा कि सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में आंधी आ सकती है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।