लाइव टीवी

दिल्‍ली में कड़ाके की ठंड, साल 1901 के बाद दूसरी बार सर्द महीना हो जा रहा है ये दिसंबर

Updated Dec 27, 2019 | 08:37 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

दिल्‍ली में ठंड से लोगों का बुरा हाल है। यहां ठंड ने कई रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर 2019 पिछले 100 वर्षों से भी अधिक समय में दूसरी बार सबसे सर्द महीना हो सकता है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
दिल्‍ली में ठंड ने कई रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं (फाइल फोटो)

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली सहित पूरा उत्‍तर भारत इन दिनों सर्द हवाओं की चपेट में है। दिल्‍ली में हाड़ कंपा देने वाली ठंड हो रही है, जिसने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। यहां पिछले 100 वर्षों से भी अधिक समय में यह दूसरी बार है, जब इतनी ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले समय में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्‍ली में साल 1901 के बाद यह दूसरी बार है, जब साल का आखिरी महीना रिकॉर्ड सर्द रहा हो। इस बार यहां पिछले दो सप्‍ताह से लगातार कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और औसत अधिक तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है। इससे पहले 1997 में लगातार 17 दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ी थी, जब औसत अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राष्‍ट्रीय राजधानी में औसत अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम 1919, 1929,1961 में भी रहा।

इस बार दिसंबर में यहां औसत अधिकतम तापमान अब तक 19.85 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिसंबर 31 तक इसके 19.15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने के अनुमान हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर ऐसा होता है तो यह 1901 के बाद दूसरा सबसे सर्द दिसंबर होगा। इससे पहले दिसंबर 1997 में औसत अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यहां ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को जारी अलर्ट में 29 दिसंबर तक यहां कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया गया है, जबकि नए साल पर यहां बारिश के भी अनुमान हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। बढ़ती ठंड के बीच यहां प्रदूषण की हालत भी खराब है। इंडिया गेट और आसपास के इलाके में वायु गुणवत्‍ता सूचकांक 367 पर दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।