लाइव टीवी

Delhi Weather: कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में दिल्ली, सितम ढाएगी सर्दी, मौसम विभाग का येलो अलर्ट

Updated Dec 20, 2021 | 09:22 IST

Delhi Cold : खराब मौसम का अनुमान जताते हुए मौसम विभाग कई तरह के अलर्ट जारी करता है। येलो अलर्ट मौसम की खराब दशा को बताता है। इस अलर्ट का यह भी मतलब होता है कि मौसम अत्यधिक खराब हो सकता है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
आने वाले दिनों में दिल्ली में पड़ेगी कड़ाके की ठंड।
मुख्य बातें
  • दिल्ली में आने वाले दिनों में सर्दी कहर ढा सकती है, आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है
  • राजधानी में कई जगहों पर रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है
  • मौसम विभाग का कहना है कि 24 या 25 दिसंबर को दिल्ली में बूंदाबांदी हो सकती है

दिल्ली : राजधानी दिल्ली में सर्दी का सितम दिखने लगा है। हर रोज पारे में हो रही गिरावट ने लोगों को घर में दुबकने को मजबूर किया है। राजधानी में बढ़ती ठंडक को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि चूंकि हवा कमजोर पड़ रही है ऐसे में सोमवार को दिन का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। 

तापमान कई जगहों पर 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे

दिल्ली में कई जगहों पर रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। इस सीजन में पहली बार इतना कम तापमान दर्ज हुआ है। रविवार सुबह सफदरजंग में तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस था जबकि जफरपुर में 3.3 डिग्री और लोधी रोड पर 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने पर मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया। आईएमडी के अधिकारी आरके जेनामणि ने का कहना है कि 24 या 25 दिसंबर को राजधानी में बूंदाबांदी हो सकती है। 

Cold Wave:'ठंड' का सितम बरस रहा हिमाचल से लेकर यूपी, एमपी और दिल्ली तक, शीत लहर जारी, फिलहाल राहत के आसार नहीं

आने वाले दिनों में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी

खराब मौसम का अनुमान जताते हुए मौसम विभाग कई तरह के अलर्ट जारी करता है। येलो अलर्ट मौसम की खराब दशा को बताता है। इस अलर्ट का यह भी मतलब होता है कि मौसम अत्यधिक खराब हो सकता है। लोगों को अपने दैनिक कार्यों में दिक्कत हो सकती है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होती है। येलो अलर्ट बाढ़ एवं भारी बारिश के समय भी जारी किए जाते हैं।  

‘खराब’ श्रेणी में वायु गुणवत्ता

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 39 से 85 के बीच रही। मौसम कार्यालय का पूर्वानुमान है कि सोमवार की सुबह हल्की धुंध छाई रहेगी। लेकिन आसमान कुल मिलाकर साफ रहेगा और राष्ट्रीय राजधानी के कुछ स्थानों पर शीतलहर की स्थिति रह सकती है। राजधानी में शाम सात बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 280 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।