लाइव टीवी

दिल्‍ली में आया ओमिक्रोन का पहला केस, तंजानिया से लौटा था शख्‍स, LNJP में भर्ती

Updated Dec 05, 2021 | 11:28 IST

दिल्‍ली में ओमिक्रोन के पहले मामले की पुष्टि हुई है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सत्‍येंद्र जैन ने इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि यह शख्‍स तंजानिया से लौटा था। उसे दिल्‍ली के LNJP अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
दिल्‍ली में आया ओमिक्रोन का पहला केस, तंजानिया से लौटा था शख्‍स, LNJP में भर्ती (फाइल फोटो)
मुख्य बातें
  • दिल्‍ली में कोरोना वायस के ओमिक्रोन वैरिएंट के पहले मामले की पुष्टि हुई है
  • कोविड के ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित शख्‍स को LNJP में भर्ती कराया गया है
  • अस्‍पताल में कोविड संक्रमित 17 अन्‍य मरीज भी भर्ती किए गए हैं

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में ओमिक्रोन के पहले केस की पहचान हुई है। मरीज को लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह शख्‍स तंजानिया से लौटा था। दिल्‍ली के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सत्‍येंद्र जैन ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि कोविड-19 को लेकर जांच में जिन 17 लोगों को पॉजिटिव पाया गया है, उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्‍ली के LNJP अस्‍तपाल में कोरोना वायस से संक्रमित 15 मरीजों के शनिवार को ओमिक्रोन से संक्रमित होने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद सरकार ने इस दिशा में जांच की। दिल्‍ली के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सत्‍येंद्र जैन ने जहां अस्‍पताल में 17 कोविड पॉजिटिव लोगों के भर्ती होने की जानकारी दी, वहीं उन्‍होंने एक शख्‍स के कोविड के ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि की, जो तंजानिया से लौटा था।

देश में ओमिक्रोन का पांचवां केस

दिल्‍ली के LNJP अस्‍पताल में जिन कोविड पॉजिटिव लोगों को भर्ती कराया गया, उनमें से अधिकांश 'खतरे' की सूची वाले देशों से यात्रा कर यहां पहुंचे थे। शुरुआत में इनमें कई लोगों के जहां कोविड से संक्रमित होने की पुष्टि हुई, वहीं छह मरीजों में गले में खराश, बुखार के लक्षण थे। उनके नमूनों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया था। बाद में यहां कोविड के तीन नए मरीजों को भी भर्ती कराया गया, जो ब्रिटेन से लौटे थे। 

दिल्‍ली में कोविड के ओमिक्रोन वैरिएंट के पहले मामले की पुष्टि के साथ ही देश में कोविड के इस वैरिएंट के कुल मामलों की संख्‍या 5 हो गई है। यहां सबसे पहले कर्नाटक में कोविड के ओमिक्रोन वैरिएंट की दो मरीजों में पहचान हुई थी, जिसके बाद गुजरात के जामनगर और महाराष्‍ट्र के डोम्बिवली में ओमिक्रोन के दो अलग-अलग मामलों की पहचान की गई और अब दिल्‍ली में इसके पहले मामले की पुष्टि हुई है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।