लाइव टीवी

Delhi News: नरेला में बनेगा देश का सबसे हाईटेक जेल, 50 फुट तक ऊंची होगी दीवारें, नक्शा बनाने में जुटा प्रशासन

Updated Jul 14, 2022 | 20:53 IST

Delhi News: नरेला में हाईटेक जेल बनाने के प्रस्‍ताव पर कार्य शुरू हो गया है। जमीन मिलने के बाद अब अधिकारी इस जेल का नक्‍शा बनाने में जुटे हैं। इसके लिए विदेश की जेलों की भी रिसर्च की जा रही है। यह जेल आधुनिक सुरक्षा उपायों से लैस होगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
अभी दिल्‍ली में सबसे बड़ी जेल तिहाड़ जेल है।
मुख्य बातें
  • जेल प्रशासन तैयार कर रहा नरेला जेल का नक्‍शा
  • जेल के गेट सेंसर से होंगे बंद, बैरकों में लगेंगे सीसीटीवी
  • विदेश के जेलों का रिसर्च कर जुटाई जा रही सुरक्षा जानकारी

Delhi News: नरेला में देश की सबसे हाईटेक जेल बनने की योजना सिरे चढ़ने लगी है। दिल्‍ली के तिहाड़, रोहिणी और मंडोली के बाद अब यह चौथी जेल होगी, लेकिन सुविधओं और सुरक्षा के मामले में यह देश की सबसे मजबूत और हाईटेक जेल होगी। जेल के लिए डीडीए द्वारा जमीन आवंटित किए जाने के बाद अब दिल्‍ली का जेल प्रशासन इस नई जेल का नक्शा बनाने में जुटा है।

यह नया जेल परिसर राजधानी के दूसरे जेलों से कई मामले में अलग होगी। यह दिल्ली का एकमात्र एक ऐसा जेल परिसर होगा, जिसके आसपास कोई भी रिहाइशी कॉलोनी नहीं विकसित की जाएगी। जेल प्रशासन के मुताबिक अभी तक जितने भी जेल परिसर हैं, उनके नजदीक रिहाइशी कॉलोनियां बसी हुई हैं। दिल्‍ली के सबसे प्रमुख तिहाड़ जेल के नजदीक जनकपुरी बसा है, वहीं रोहिणी जेल के पास रोहिणी और मंडोली जेल के पास भी कई कॉलोनियां बसी हैं। रिहाइशी कॉलोनी नजदीक होने से जेल परिसर में बाहर से मोबाइल व नशीला पदार्थ फेंके जाने जैसी घटनाएं होने की संभावना रहती है।

दीवार की ऊंचाई 50 फीट करने का है प्रस्ताव

जेल प्रशासन के अनुसार, अभी इस जेल का नक्शा तैयार किया जा रहा है। इसमें व्‍यवस्‍था को पुख्‍ता करने के लिए दीवार की ऊंचाई 50 फीट करने का प्रस्‍ताव दिया गया है। अभी जो जेलें बनी हैं उनके दीवार की ऊंचाई करीब 20 फीट के आसपास है। जेल प्रशासन ने बताया कि, दीवारों की ऊंचाई 50 फीट तक होने के बाद बाहर से कोई समान जेल परिसर के अंदर फेंकना संभव ही नहीं होगा।

चार हजार कैदियों की होगी क्षमता

अधिकारियों के अनुसार, इस जेल में करीब चार हजार कैदियों को एक साथ रखा जा सकेगा। हालांकि कैदियों को रखने के लिए अंदर कितने जेलों व बैरक का निर्माण किया जाएगा, अभी इस पर फैसला नहीं हो सका है। लेकिन इतना तय है कि यहां पर विदेश के जेलों की तरह बहुमंजिला बैरकों का निर्माण किया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक कैदियों को बैरकों को में रखा जा सके। इसके सभी गेट ऑटोमेटिक होंगे और सेंसर से खुलेंगे। साथ ही कैदियों पर निगरानी के लिए बैरकों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस जेल की सुरक्षा व्‍यवस्‍था को पुख्‍ता बनाने के लिए अब जेल के कुछ अधिकारी दुनिया की विभिन्न जेलों की रिसर्च कर रहे हैं।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।