लाइव टीवी

Success Story: एक बार हुईं फेल फ‍िर भी नहीं मानी हार, किसान की बेटी अंतिमा ऐसे बनीं पुलिस भर्ती की टॉपर

Updated Mar 04, 2020 | 08:53 IST

UP Police Constable Exam Topper Antima Singh: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही के 49568 पदों पर होने वाली भर्ती का रिजल्‍ट जारी कर दिया। इस र‍िजल्‍ट में अंतिमा स‍िंह ने टॉप किया है।

Loading ...
Antima Singh, UP Police Topper

UP Police Constable Exam Topper Antima Singh: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही के 49568 पदों पर होने वाली भर्ती का रिजल्‍ट जारी कर दिया। यह परिणाम सोमवार शाम जारी किया गया। पुरुष अभ्यर्थियों में गाजीपुर के गुलशन कुमार और महिलाओं में हरदोई की अंतिमा सिंह ने टॉप किया। महिलाओं में टॉपर अंतिमा सिंह की कहानी से आज हम आपको रूबरू कराएंगे, क्‍योंकि उनकी कहानी वाकई प्रेरणा देने वाली है। 

हरदोई के भदार गांव के रहने वाले एक सामान्य किसान सुनील सिंह की बेटी अंतिमा ने संसाधनों के अभाव का रोना रोने की बजाया मेहनत को ताकत बनाया और पूरे प्रदेश में दूसरा स्‍थान पाया है। अंतिमा का यह दूसरा प्रयास था। इससे पहले वह  2018 की यूपी पुलिस भर्ती में वह दौड़ में क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। फेल होने पर भी अंतिमा ने हिम्‍मत नहीं हारी और मेहनत करती रहीं। उसी मेहनत का नतीजा है ओवरऑल दूसरा और महिलाओं में पहला स्‍थान। 

अंतिमा की बड़ी बहन सुरभि सिंह उनकी प्रेरणा हैं। सुरभि 2013 में पुल‍िस में चयतिन हो गई थीं। वह इस समय लखनऊ में ट्रेनिंग कर रही हैं। सुरभि और अंतिमा न सिर्फ अपने गांव बल्कि आसपास क्षेत्र में बेटियों के लिए रोल माडल बनकर उभरी हैं। पूरे गांव में खुशी का माहौल है। पिता सुनील सिंह और मां अनीता बेहद खुश हैं। 

अंतिमा ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की पढ़ाई शहर के बेनीमाधव इंटरकालेज (एडेड विद्यालय) से की। वहीं ग्रेजुएशन माधौगंज क्षेत्र के रामलाल महाविद्यालय (निजी कालेज) से पास की। पुलिस भर्ती की तैयारी के ल‍िए वह हरदोई शहर के मोहल्ला बोर्डिंग हाउस में किराये पर रहीं और यहां अपनी तैयारी की। 

बता दें कि उत्‍तर प्रदेश पुल‍िस भर्ती और प्रोन्‍नत‍ि बोर्ड ने अक्‍टूबर 2018 में कांस्‍टेबल पदों के ल‍िये आवेदन आमंत्रित क‍िये थे। अब सफल अभ्यर्थियों को ट्रेन‍िंग के लिए बुलाया जाएगा। ट्रेन‍िंग की प्रक्र‍िया अगस्‍त 2020 में शुरू होगी जोकि छह महीने की होगी। जानकारी के अनुसार यूपी पुल‍िस के ट्रेनिंग सेंटर मुरादाबाद, सीतापुर, गोरखपुर, उन्नाव, मेरठ, मिर्जापुर, जालौन व सुलतानपुर में हैं। वहीं 31 जिलों में भी ट्रेनिंग सेंटर में हैं।