लाइव टीवी

UP Chunav: अमेठी में आज पदयात्रा करेंगे राहुल गांधी, "भाजपा भगाओ, महंगाई हटाओ" का नारा करेंगे बुलंद

Updated Dec 18, 2021 | 09:10 IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पार्टी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान 'जन जागरण अभियान' के तहत अमेठी में "भाजपा भगाओ, महंगाई हटाओ" पदयात्रा में भाग लेंगे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
राहुल गांधी आज करेंगे अमेठी का दौरा
मुख्य बातें
  • राहुल गांधी आज करेंगे अमेठी का दौरा
  • यूपी चुनाव से पहले आज प्रियंका गांधी संग अमेठी में पदयात्रा करेंगे राहुल गांधी
  • पदयात्रा के दौरान महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर बोलेंगे हमला

अमेठी: यूपी चुनाव की सरगर्मी शुरू हो चुकी है और कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। प्रियंका गांधी काफी समय से प्रदेश में सक्रिय हैं और अब राहुल गांधी भी एक्‍शन मोड में आ गए हैं। शनिवार को राहुल गांधी एक दिन के लिए अमेठी के दौरे पर आ रहे हैं। कांग्रेस नेता जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में जगदीशपुर से हारीमऊ तक पदयात्रा यात्रा करेंगे जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता के अलाव आम लोग शामिल होंगे। पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान 'जन जागरण अभियान' के तहत "भाजपा भगाओ, महंगाई हटाओ" पदयात्रा में भाग लेंगे।

प्रियंका-राहुल इस पदयात्रा के जरिए महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर यूपी सरकार पर हल्ला बोलेंगे। इसके बाद हारीमऊ में चौपाल लगा कर लोगों से मुलाकात करेंगे। राहुल और प्रियंका का अमेठी दौरा जिले के कांग्रेसियों के लिए संजीवनी साबित हो सकता है। एक जमाने में अमेठी कांग्रेसियों का गढ़ माना जाता रहा है।

यह भी पढ़ें:  स्मृति ईरानी ने बताया- क्यों अमेठी छोड़कर गए राहुल गांधी 


15 साल तक रहे हैं लोकसभा के सांसद

कांग्रेस पार्टी ने केंद्र पर आर्थिक कुप्रबंधन के आरोप लगाते हुए 14 नवंबर को एक देशव्यापी आंदोलन कार्यक्रम 'जन जागरण अभियान' शुरू किया था। वायनाड के सांसद राहुल अमेठी में स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ जगदीशपुर से हरिमाऊ तक 'पदयात्रा' में शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक करीब ढाई साल बाद अमेठी का दौरा करेंगे। राहुल ने नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ अमेठी से 15 साल तक लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया था। वह 2019 में दो निर्वाचन क्षेत्रों से लड़े और अमेठी से उन्हें केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था, लेकिन केरल के वायनाड से वह चुनाव जीत गए थे।

प्रियंका भी होंगी अमेठी में

 राहुल गांधी के दौरे के बाद पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को अमेठी में होंगी। कांग्रेस नेताओं का यह दौरा अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 312 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। पार्टी ने 403 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में 39.67 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया था।

यह भी पढ़ें: Rahul Gandhi: लब से निकले बोल कुछ ऐसे कि राहुल गांधी पर बिफर पड़ी अमेठी की जनता