लाइव टीवी

Aam Aadmi Party Candidates List: UP चुनाव के लिए AAP ने जारी की 150 उम्मीदवारों की पहली सूची

Updated Jan 16, 2022 | 22:03 IST

Aap Candidate List: आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी सांसद संजय सिंह ने इन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया।

Loading ...
UP चुनाव के लिए AAP ने जारी की 150 उम्मीदवारों की पहली सूची
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने जारी की अपनी पहली लिस्ट
  • 150 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में पश्चिमी यूपी के अधिकांश उम्मीदवार तय
  • इससे पहले बीजेपी, बसपा और सपा भी जारी कर चुके हैं अपनी लिस्ट

लखनऊ:दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 150 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पहली बार उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी ने पहली सूची में अन्य पिछड़ा वर्ग के सबसे ज्यादा 55 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। पार्टी के राज्यसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 150 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।

जल्द जारी होगी दूसरी लिस्ट

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बाकी उम्मीदवारों का ऐलान भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपनी पहली सूची में अलग-अलग समुदायों को समुचित हिस्सेदारी दी है। उन्होंने बताया कि इनमें अन्य पिछड़ा वर्ग के 55 उम्मीदवार, 36 ब्राह्मण, अनुसूचित जाति के 31, 14 मुस्लिम, छह कायस्थ तथा सात व्यापारी वर्ग के प्रत्याशी शामिल हैं।

संजय सिंह ने कही ये बात

सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव मैदान में अच्छे और सुयोग्य उम्मीदवारों को उतारा है। उन्होंने कहा, ‘पहली सूची में एमबीए की शिक्षा प्राप्त कर चुके आठ उम्मीदवार हैं। इसके अलावा 38 परास्नातक, चार डॉक्टर, आठ पीएचडी, सात इंजीनियर तथा 39 स्नातक की योग्यता रखते हैं। पहली सूची में आठ महिलाओं को टिकट दिया गया है।’ उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की नई राजनीति के आगाज के मकसद से गंदी सियासत पर झाडू चलाने के लिए आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सिंह ने कहा कि अब यह उत्तर प्रदेश की जनता के ऊपर है कि वह ऐसे योग्य उम्मीदवारों को चुनकर विधानसभा भेजे और उत्तर प्रदेश से राजनीति की गंदगी का सफाया करे।

UP BJP Candidates List 2022: पहले चरण के लिए 57 उम्मीदवारों का ऐलान, देखें लिस्ट