लाइव टीवी

कांग्रेस में शामिल होने पर बोलीं रानी चटर्जी-मैं भोजपुरी अभिनेताओं से हमेशा अलग राह चुनती आई हूं

Updated Jan 26, 2022 | 20:54 IST

Rani Chatterjee : रानी चटर्जी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की पहली अभिनेत्री हैं जो किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ी हैं। भोजपुरी इंड्रस्ट्री के बड़े अभिनेता भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। रानी का कहना है कि वह 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।

Loading ...
कांग्रेस में शामिल हुई हैं भोजपुरी की मशहूर अभिनेत्री रानी चटर्जी।

भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री रानी चटर्जी कांग्रेस में शामिल हुई हैं। रानी कांग्रेस के अभियान 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' कि ब्रांड अम्बेसडर बनी हैं। वह आने वाले दिनों में कांग्रेस के इस अभियान को उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ाते हुए दिखेंगी। रानी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की पहली अभिनेत्री हैं जो किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ी हैं। भोजपुरी इंड्रस्ट्री के बड़े अभिनेता भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। ऐसे में रानी ने कांग्रेस को क्यों चुना, यूपी की राजनीति में कांग्रेस और अपनी भावी राजनीतिक भूमिका पर उन्होंने टाइम्स नाउ नवभारत के आलोक कुमार राव से बेबाकी से बात की है, पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश-  

सवाल-'लड़की हूं लड़ सकती हूं' का ब्रांड अम्बेसडर बनने के बाद यह माना जाय कि आप चुनाव लड़ने जा रही हैं। 

जवाब- नहीं अभी चुनाव नहीं लड़ूंगी। इस अभियान से जुड़ने के बाद मैं काफी रोमांचित महसूस कर रही हूं। अभियान के ब्रांड अम्बेसडर के रूप में इसे महिलाओं (जन-जन) तक ले जाना है। यूपी में पार्टी का प्रचार करना है। इस अभियान को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मेरी विस्तार से बातचीत हुई है। वह महिलाओं के अधिकारों एवं हक को लेकर बहुत संवेदनशील एवं मुखर हैं। महिलाओं को उनके हक एवं अधिकार की हम लड़ाई लड़ेंगे।   

सवाल-आपको क्यों लगा कि 'लड़की हूं लड़ सकती हूं अभियान से जुड़ना चाहिए।

जवाब- कांग्रेस महासचिव की इस अभियान से मैं प्रभावित हुई। मैं खुद एक लड़की हूं। एक लड़की होने के नाते मुझे लगा कि इस मुहिम में बहुत दम है। यूपी और हिंदुस्तान की महिलाओं को आगे लाने के लिए यह बहुत बड़ा कदम साबित होने जा रहा है। खासकर यूपी और बिहार में लड़कियों के लिए ज्यादा अवसर नहीं हैं। उन्हें घर में रहने के लिए बाध्य होना पड़ता है। उन्हें उनके अधिकारों एवं हकों से वंचित किया जाता है। मुझे लगता है कि उनके लिए आवाज उठाना एवं उनके अधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए आगे आने की जरूरत है। मैं महिलाओं एवं लड़कियों के हक की आवाज लड़ने के लिए कांग्रेस में शामिल हुई हूं। 

सवाल-आपके साथी कलाकार चाहे वह मनोज तिवारी हों, रवि किशन हों, दिनेश लाल निरहुआ हों या पवन सिंह। सभी भारतीय जनता पार्टी में हैं। क्या इन्होंने आपसे भाजपा में आने के लिए नहीं कहा? 

जवाब-देखिए, आप मेरे करियर को देखेंगे तो पाएंगे कि मैं हमेशा इन नायकों की राह से अलग चली हूं। भोजपुरी इंडस्ट्री जहां महिला किरदारों के लिए ज्यादा जगह नहीं होती। यहां नायिका प्रधान फिल्में बनाने का कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। फिर भी मैंने नायिका प्रधान फिल्में की हैं और वे सफल हुई हैं। मैंने भोजपुरी अभिनेताओं के विपरीत उल्टी राह चुनी है। भोजपुरी के इन सभी कलाकारों ने मुझे बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी मेरे दोस्त हैं। इन लोगों को पता था कि मैं राजनीति में कहीं न कहीं नजर आने वाली हूं। रवि किशन जी ने राजनीति में आने के लिए मुझसे कई बार कहा था। उनके अनुरोध पर मैंने कहा था कि जब मौका मिलेगा तो मैं जरूर आऊंगी। इसी बीच, यूपी चुनाव के बीच प्रियंका गांधी जी के यहां से मुझे सीधा फोन आया। यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात थी। 

सवाल-क्या आपके बाद भोजपुरी का कोई और अभिनेता या अभिनेत्री कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं?

जवाब- फिलहाल,अभी नहीं कुछ कह सकती। अगर मुझे देखकर आगे कोई प्रभावित होता है तो वह कांग्रेस का दामन थाम सकता है। इसके लिए अभी थोड़ा इंतजार करना चाहिए। 

सवाल-यूपी में कांग्रेस की कमान प्रियंका गांधी के हाथ में है, आपको क्या लगता है-कांग्रेस को वह कितना आगे ले जा पाएंगी?

जवाब-प्रियंका जी के आने से यूपी की राजनीति में बहुत सकारात्मक चीजें होनी शुरू हुई हैं। यहां लोग बदलाव चाहते हैं। गरीब एवं हाशिए की जनता महंगाई से राहत पाना चाहती है। उसे रोजगार चाहिए। प्रियंका जी चाहती हैं कि सभी के पास रोजगार हो, उनके पास काम हो। महिलाओं को आगे लाने के लिए उन्होंने जो मुहिम छेड़ी है वह बहुत ही क्रांतिकारी है। मुझे उम्मीद है कि यूपी चुनाव पर इस मुहिम का बहुत बड़ा असर होने जा रहा है। 

सवाल-यूपी की लड़कियों एवं महिलाओं के सामने क्या चुनौतियां एवं मुश्किलें हैं?

जवाब-हम शहरो में रहते हैं। गांव की लड़कियों के जीवन का अनुमान नहीं लगा पाते। यूपी और बिहार के गांवों एवं घर-घर में पहुंची हुई हूं। इन महिलाओं की आज भी अपनी आवाज नहीं है। मैंने 19 साल यूपी-बिहार में काम किया है। गांव में घूमी हूं, लोगों एवं महिलाओं से मिली हूं। गांवों के परिवेश को बहुत करीब से देखा और महसूस किया है। यहां महिलाएं घर में बैठी रहती हैं। घर से बाहर नहीं निकल सकतीं। वे अपने हक के लिए आवाज नहीं उठा पातीं। मेरा कोई फिल्मी बैंकग्राउंड नहीं है। मैं अपने परिवार की पहली लड़की हूं जो इस इंडस्ट्री में आई। मैंने अपनी मां, दादी और नानी को संघर्ष करते हुए देखा है। मैं नहीं चाहती कि मेरे घर की लड़कियां उस तरह से संघर्ष करें जैसे मैंने अपने अधिकारों के लिए किया है। मैं उस दर्द को महसूस करती हूं। लड़कियों को अपने हक के लिए आवाज उठानी होगी। हम इसमें मदद करेंगे। मैं अपने दौरे में लोगों को प्रोत्साहित करूंगी। महिलाओं एवं लोगों से मिलूंगी। लोगों में जागरूकता लाने का काम करूंगी। 

सवाल-भोजपुरी इंडस्ट्री में इसे एक बोल्ड कदम के रूप में देखा जा रहा है? कांग्रेस में जाकर आपने अपने लिए विरोध का एक नया मोर्चा तैयार कर लिया है?

जवाब-देखिए, हम लोकतांत्रिक देश में रहते हैं। सभी को अपनी बात एवं मत रखने का अधिकार है। भोजपुरी इंडस्ट्री के लोगों को लगता था कि सभी अभिनेता किसी न किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ गए हैं। लोग कहते थे कि अभिनेत्रियों में से कोई अगर सियासत की राह पर आगे बढ़ेगा तो वह रानी होगी क्योंकि उसे बोलना आता है। आज मेरी मुखरता काम आई है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद मुझे ट्रोल किया जा रहा है। सवाल उठाए जा रहे हैं लेकिन मैं इन चीजों से घबराती नहीं। राजनीति में ये चीजें आम हैं। मैं कोई अगर बात करती हूं तो उसका एक ठोस आधार एवं मेरा अध्ययन होता है। मैं फिजूल में कोई बात नहीं कहती। इंडस्ट्री की बात हो या कोई और मैं बेबाकी से अपनी बात रखती आई हूं। 

सवाल-तो क्या नई पारी फिल्मी इंडस्ट्री को अलविदा कहने जैसा है?

जवाब- ऐसा नहीं है। मैं फिल्में भी करती रहूंगी। कई प्रोजेक्ट्स मेरे पास हैं। मैंने इंडस्ट्री को अपने 19 साल दिए हैं। अब राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में कुछ करने एवं बदलाव लाने का मौका मिला रहा है। यह मेरे लिए एक अवसर के रूप में है। प्रियंका जी ने मुझ पर भरोसा जताया है। मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगी। 

सवाल- तो आप इस बार कहां से चुनाव लड़ने जा रही हैं?

जवाब- नहीं, मैं चुनाव नहीं लड़ने जा रही। 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' अभियान को पूरे दम-खम के साथ आगे बढ़ाना है। महिलाओं एवं लड़कियों को जागरूक करना है। पार्टी अगर चाहेगी तो मैं 2024 का लोकसभा चुनाव जरूर लड़ूंगी। 

टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत करने के लिए रानी जी आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!