लाइव टीवी

यूपी चुनाव के लिए प्रियंका गांधी ने जारी किया 'महिला घोषणापत्र', बोलीं-आधी आबादी को सशक्त बनाना लक्ष्य

Updated Dec 08, 2021 | 13:17 IST

Women Manifesto of Congress : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि यह घोषणापत्र प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं का सशक्तिकरण करने वाला है। मेनिफेस्टो को स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सेहत सहित छह भागों में बांटा गया है।

Loading ...
मुख्य बातें
  • यूपी चुनाव में इस बार महिला सशक्तिकरण को प्रमुखता से उठा रही कांग्रेस
  • लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने 'महिला घोषणापत्र' जारी किया
  • कांग्रेस ने कहा है कि यूपी चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाएं होंगी उसकी उम्मीदवार

लखनऊ : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) जारी किया। घोषणापत्र के जरिए पार्टी ने महिलाओं को रिझाने की कोशिश की है। घोषणापत्र जारी करते हुए प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल कागजों पर महिलाओं का सशक्तिकरण करना नहीं चाहती बल्कि वह उनका वास्तविक हक दिलाना चाहती है। प्रियंका ने कहा कि यूपी चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देकर वह इस दिशा में ठोस प्रयास कर रही है। कांग्रेस के इस घोषणापत्र में महिलाओं को अपनी तरफ आकर्षित करे के लिए कई वादे किए गए हैं।  

घोषणापत्र से महिलाओं को रिझाने की कोशिश

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह घोषणापत्र प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं का सशक्तिकरण करने वाला है। मेनिफेस्टो को स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सेहत सहित छह भागों में बांटा गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अधिकार देने में कांग्रेस हमेशा आगे रही है। इंदिरा गांधी के रूप में देश का पहला प्रधानमंत्री और सुचेता कृपलानी के रूप में यूपी का पहला मुख्यमंत्री कांग्रेस पार्टी ने ही दिया। पार्टी वास्तविक रूप में महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रियंका ने कहा कि यूपी में यह एक बड़ा मुद्दा है। 

'महिला सुरक्षा के लिए बनाएंगे सख्त कानून'

प्रियंका ने कहा कि ऐसा अक्सर देखने में मिला है कि महिलाओं से अपराध के दोषी अपनी राजनीतिक साठगांठ से बच निकले हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हो पाती। कांग्रेस पार्टी महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए उनकी सुरक्षा पर एक सख्त कानून बनाना चाहती है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बार यूपी चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देगी इससे अन्य दलों पर महिलाओं की  राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का दबाव बनेगा।