लाइव टीवी

Virushka Anniversary: जब हो गया था विराट- अनुष्का का ब्रेकअप, इस वजह से फिर आए थे साथ

Updated Dec 11, 2019 | 07:07 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Anushka Virat Love Story: आज बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली की शादी को दो साल हो गए हैं। इस मौके पर हम आपको बता रहे हैं उनकी लव स्टोरी से जुड़ी खास बातें।

Loading ...
Virat Kohli and Anushka Sharma
मुख्य बातें
  • आज बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की शादी की दूसरी सालगिरह है
  • विरुष्का ने साल 2017 में इटली में गुपचुप तरीके से शादी की थी
  • विराट- अनुष्का ने शादी से पहले कई साल तक एक दूसरे को डेट किया था

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली सबसे चर्चित और पसंदीदा जोड़ी में से एक हैं। दोनों ने 11 दिसंबर 2017 को इटली में चोरी छिपे शादी की थी और सोशल मीडिया पर अपनी फोटो शेयर कर इस बात की जानकारी दी थी उन्होंने शादी कर ली है। जहां एक तरफ उनके फैंस इस खबर से हैरान थे वहीं दूसरी तरफ काफी खुश भी थे और जल्द ही दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। 

शादी के बाद से दोनों सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं और अक्सर एक दूसरे के साथ फोटोज शेयर करते हैं और कपल गोल्स सेट करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दोनों का एक बार ब्रेकअप हो गया था और फिर दोनों साथ आए थे?

अनुष्का- विराट की शादी का वीडियो

 

साल 2015 में अनुष्का शर्मा की फिल्म NH10 रिलीज हुई थी जो दर्शकों को काफी पसंद आईं थी। विराट ने भी अनुष्का की फिल्म देखी और सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ करते हुए उन्हें 'माई लव' लिखा। विराट ने लिखा था, 'अभी एनएच10 देखी और मैं हैरान हूं। लाजवाब फिल्म है और खासतौर पर मेरे प्यार ने बेहतरीन काम किया है। मुझे गर्व है।' इसके साथ उन्होंने अनुष्का को टैग किया। 

इसके बाद दोनों ने खुलकर एक- दूसरे के लिए अपने प्यार को स्वीकार किया, लेकिन किसी भी दूसरी लव स्टोरी की तरह उनके रिश्ते में भी उतार चढ़ाव आए। 

साल 2013 में हुई थी मुलाकात

अनुष्का और विराट की मुलाकात साल 2013 में एक टीवी ऐड के दौरान हुई थी और इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी। इसके बाद कई बार दोनों साथ नजर आए और जल्द ही दोनों की डेटिंग की खबरें आने लगीं। 

उस समय दोनों और चर्चा में आए जब साल 2014 में साउथ अफ्रीका के टूर के बाद भारतीय टीम मुंबई पहुंची और पूरी टीम के साथ जाने की जगह विराट अनुष्का के अपार्टमेंट पर गए। अनुष्का ने ही विराट को रिसीव करने के लिए अपनी कार भेजी थी। 

दोनों ने अबतक अपने रिश्ते को खुलकर स्वीकार नहीं किया था लेकिन विराट- अनुष्का साथ में समय बिताने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे थे। साल 2014 में न्यूजीलैंड में दोनों को साथ समय बिताते देखा गया था। इसके बाद फिल्म बॉम्बे वेलवेट की शूटिंग में बिजी अनुष्का से मिलने विराट श्रीलंका पहुंच गए। इसके बाद वो उनका बर्थडे मनाने उदयपुर भी गए, जहां वो फिल्म पीके की शूटिंग कर रहीं थीं। 

विराट ने जब अनुष्का को दी थी फ्लाइंग किस

साल 2014 के नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे मैच के दौरान विराट ने अनुष्का को फ्लाइंग किस दी, जिसके चलते दोनों काफी चर्चा में रहे थे। इसी महीने एक इवेंट में विराट ने अनुष्का के साथ अपने रिलेशनशिप को स्वीकार किया था। 

दोनों के बीच हुई थी अनबन

जिस तरह कोई भी इंसान परफेक्ट नहीं होता उसी तरह कोई रिश्ता भी परफेक्ट नहीं होता और थोड़ी बहुत अनबन हर रिश्ते में होती है फिर चाहे वो विराट कोहली और अनुष्का ही क्यों ना हों। खबरों की मानें तो अनुष्का ने एक मैगजीन के कवर के लिए फोटोशूट करवाया था जो विराट को पसंद नहीं आया और यह बात उन्होंने अनुष्का को बताई, जिसके चलते फोन पर दोनों का झगड़ा हो गया। 

बताया जाता है साल 2016 में विराट और अनुष्का ने अपने रिश्ते में आ रही अनबन और अपने रिश्तों को सुधारने के लिए ब्रेक लिया। दोनों के ब्रेकअप की खबरों से उनके फैंस काफी दुखी थे लेकिन अनुष्का की फिल्म सुलतान की सक्सेस पार्टी के दौरान साथ नजर आए। जिससे अंदाजा लगाया गया कि वो एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते और अब दोनों के रिश्ते सुधर गए हैं।

इसके बाद दोनों एक बार फिर साथ और इस बार उनका रिश्ता पहले से ज्यादा स्ट्रॉन्ग बना। इसके बाद युवराज सिंह और हेजल कीच की शादी में साथ नजर आए। इसके बाद दोनों लगातार एक दूसरे का साथ देते नजर आए। दोनों का रिश्ता टाइम के साथ स्ट्रॉन्ग होता गया और दोनों फैंस की पसंदीदा जोड़ियों में से एक हो गए। इसके बाद 11 दिसंबर 2017 में इटली में दोनों शादी के बंधन में बंध गए।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।