लाइव टीवी

पिछले 32 साल से अलग रह रहे हैं करीना कपूर के पेरेंट्स, शादी के बाद इस वजह से अलग हुए बबीता- रणधीर कपूर

Updated Apr 20, 2020 | 14:04 IST

Babita Kapoor Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर की मां बबीता कपूर और पिता रणधीर कपूर पिछले 32 साल से अलग रह रहे हैं। जानें क्या है वजह।

Loading ...
Babita Kapoor with husband Randhir Kapoor
मुख्य बातें
  • आज एक्ट्रेस बबीता कपूर का जन्मदिन है
  • करीना और करिश्मा कपूर की मां बबीता आज 73 साल की हो गईं हैंं
  • बबीता और उनके पति रणधीर कपूर पिछले 32 साल से अलग रह रहे हैं

बॉलीवुड एक्ट्रेस बबीता का आज जन्मदिन है और वो 73 साल की हो गईं हैं। बबीता का जन्म 20 अप्रैल 1947 को एक्टर हरी शिवदासानी के घर हुआ था। बबीता ने साल 1966 में फिल्म दस लाख से बॉलीवुड में कदम रखा था और उनकी यह फिल्म हिट साबित हुई। इसके बाद वो राजेश खन्ना के साथ फिल्म राज में नजर आईं जो कि साल 1967 में रिलीज हुई। 

बबीता ने इसके बाद फिल्म एक श्रीमान एक श्रीमति, हसीना मान जाएगी, फर्ज, बनफूल, एक हसीना दो दीवाने, तुमसे अच्छा कौन है, कब क्यों और कहां, पहचान व कल आज और कल जैसी कई फिल्मों में काम किया। बबीता की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने 6 नवंबर 1971 को एक्टर रणधीर कपूर से शादी की थी। पढ़ें दोनों की लव स्टोरी और अलग होने की कहानी।

ऐसे हुई थी बबीता और रणधीर की मुलाकात

साल 1969 में रणधीर कपूर और बबीता की मुलाकात फिल्म संगम के सेट पर हुई थी, जहां वो अपने पिता राज कपूर के साथ गए थे। यहां रणधीर ने बबीता को देखा और उन्हें पसंद करने लगे। दोनों के बीच दोस्ती हुई और उन्होंने मिलना शुरू कर दिया। दोनों फिल्म चुपके- चुपके के सेट पर मिलते थे।दोनों करीब दो साल तक एक दूसरे को डेट करते रहे इसके बाद बबीता ने रणधीर से कहा कि वो या तो उनसे शादी कर लें या फिर उन्हें छोड़ दें, क्योंकि वो जानती थीं कि कपूर खानदान की बहुएं एक्टिंग नहीं करतीं।  

बबीता और रणधीर कपूर ने कर ली शादी

साल 1971 में बबीता और रणधीर ने फिल्म कल आज और कल में साथ किया। इसके बाद रणधीर ने अपने परिवार को बबीता के बारे में बताया और उनसे शादी करने की इच्छा जाहिर की, इसपर राज कपूर ने यह शर्त रखी कि रणधीर से शादी करने के लिए बबीता को एक्टिंग छोड़नी पड़ेगी। बबीता रणधीर से बहुत प्यार करती थीं तो उन्होंने यह शर्त मान ली और 6 नवंबर 1971 को दोनों ने शादी कर ली। 

जब बबीता ने किया रणधीर से अलग होने का फैसला

शादी के बाद बबीता और रणधीर की जिंदगी में सबकुछ अच्छा चल रहा था लेकिन साल 1974 में रणधीर का करियर धीरे- धीरे खत्म होने की तरफ बढ़ने लगा। तभी उनकी बेटी करिश्मा कपूर का जन्म हुआ। रणधीर 80 के दशक तक फिल्में करते रहे हालांकि उनकी कोई भी फिल्म हिट साबित नहीं हो रही थी। 1980 में उनकी दूसरी बेटी करीना कपूर का जन्म हुआ और उन्हें पैसों की परेशानी रहने लगी जिससे बबीता- रणधीर के रिश्ते में दरार आ गई। रणधीर ने शराब पीनी शुरू कर दी जिसके बाद बबीता ने उनसे अलग होने का फैसला कर लिया। 

बबीता ने रणधीर को अपना घर छोड़ने को कहा

बबीता ने रणधीर से अलग होने का फैसला कर लिया था और उन्होंने रणधीर को अपने अपार्टमेंट से जाने क लिए कह दिया। रणधीर अपने पेरेंट्स के साथ रहने लगे जबकि बबीता अपनी दोनों बेटियों करिश्मा और करीना के साथ रहने लगीं। बबीता ने कपूर खानदान की परंपरा के खिलाफ जाते हुए अपनी दोनों बेटियों करिश्मा कपूर और करीना कपूर को एक्ट्रेस बनाया, दोनों ने अपने करियर में बहुत अच्छा काम किया व अपना नाम और पहचान बनाई। 

32 साल से अलग रह रहे हैं बबीता- रणधीर

अलग होने के 19 साल बाद यानी साल 2007 में बबीता और रणधीर ने अपने बीच की खटास को खत्म कर दिया। दोनों आज भी अलग रहते हैं लेकिन उनके बीच कोई मनमुटाव नहीं है। दोनों कई बार मिलते भी हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।