लाइव टीवी

Bipasha Basu-करण सिंह ग्रोवर में घर में सेलिब्रेट की Durga Puja, एक्ट्रेस ने शेयर कीं बचपन की यादें

Updated Oct 25, 2020 | 15:04 IST

Bipasha Basu Durga puja celebration: बिपाशा बसु हर साल मुंबई में दुर्गा पूजा समारोहों में भाग लेती हैं, हालांकि उनकी सबसे अच्छी यादें कोलकाता में उनके बचपन के दिनों की हैं...

Loading ...
बिपासा बसु और करण सिंह ग्रोवर।
मुख्य बातें
  • सभी अपने-अपने घरों में रहकर इस साल दुर्गा पूजा त्यौहार मना रहे हैं।
  • बिपाशा बसु हर साल मुंबई में दुर्गा पूजा समारोहों में भाग लेती हैं।
  • इसबार बिपाशा ने पति करण सिंह ग्रोवर के साथ घर पर ही दुर्गा पूजा का जश्न मनाया।

कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल दुर्गा पूजा सेलिब्रेशन थोड़ा कम धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी अपने-अपने घरों में रहकर ही इस साल त्यौहार मना रहे हैं। बिपाशा बसु ने भी पति करण सिंह ग्रोवर के साथ दुर्गा पूजा का जश्न मनाया। इसके बारे में बात करते हुए बिपाशा बसु ने बताया, 'करण पूजा करते हैं, जबकि मैं अन्य चीजों का ध्यान रखती हूं। पूजा के लिए हमने घर पर खिचड़ी, आलूर डोम और भाजा जैसे व्यंजन बनाए। इस साल का जश्न पिछले कुछ सालों जैसा नहीं है। मैं सिंदूर खेला को याद कर रही हूं, जिसे मैंने पिछले साल अपनी दोनों बहनों के साथ सेलिब्रेट किया था।'

बिपाशा बसु हर साल मुंबई में दुर्गा पूजा समारोहों में भाग लेती हैं, हालांकि उनकी सबसे अच्छी यादें कोलकाता में उनके बचपन के दिनों की हैं। बिपाशा बसु बताती हैं, 'बच्चों के रूप में, हम हर दिन दो नए कपड़े पहनते थे। सुबह का लुक और शाम का लुक...। हमें अपने माता-पिता और रिश्तेदारों से पॉकेट मनी मिलती थी। हम इसे चाइनीज फूड और कलकत्ता रोल के लिए सहेजते थे। मैं और मेरे दोस्त अलग-अलग पंडालों में जाते और वहां के अलग-अलग इलाकों को देखते थे। पडार पूजा ( हमारे इलाके का पंडाल) में हमें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जातीं। हमारा काम फलों को काटना, चंदन बनाना, फूलों की देखभाल करना होता था। जबकि विसर्जन के दिन, हम मूर्ति के चारों ओर नारियल और लड्डू लिए होते थे।'

आखिरी बार 2016 में कोलकाता गई थीं बिपाशा
आखिरी बार बिपाशा बसु 2016 में दुर्गा पूजा के लिए कोलकाता गई थीं। एक्ट्रेस बताती हैं, 'उस साल करण और मेरी शादी हुई। इसलिए, हम अष्टमी पर आशीर्वाद लेने के लिए वहां गए। करण मेरे परिवार के साथ दुर्गा पूजा मनाने का आनंद लेते हैं। वह जानते हैं कि मेरा बचपन से ही मां दुर्गा के साथ एक मजबूत रिश्ता है। मैंने हमेशा महसूस किया है कि वो मेरे बगल में होते हैं।'

बिपासा-करण की शादी को हुए 4 साल
बिपाशा बसु ने साल 2001 में फिल्म अजनबी से बॉलीवुड में कदम रखा था जिसमें उनके अलावा एक्ट्रेस करीना कपूर, अक्षय कुमार और बॉबी देओल थे। इस फिल्म में बिपाशा नेगेटिव रोल में नजर आई थीं जिसे काफी सराहा गया था। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। 2015 में फिल्म अलोन में करण सिंह ग्रोवर के साथ दिखीं थीं। इसी वक्‍त करण सिंह ग्रोवर के साथ उनका अफेयर शुरू हुआ था जिसके बाद साल 2016 में 30 अप्रैल को दोनों ने शादी कर ली।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।