लाइव टीवी

DeepVeer Anniversary: शादी की पहली एनिवर्सरी पर इन मंदिरों में जाएंगे रणवीर- दीपिका, परिवार भी होगा साथ

Updated Nov 12, 2019 | 20:57 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Deepika Padukone- Ranveer Singh First Wedding Anniversary: दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह अपनी शादी की पहली सालगिरह मनाने जा रहे हैं और यह सामने आ गया है कि दोनों इसे कैसे सेलिब्रेट करेंगे।

Loading ...
Deepika Padukone and Ranveer Singh
मुख्य बातें
  • दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह अपनी शादी की पहली सालगिरह मनाने मंदिर जाएंगे
  • इसकी जानकारी सामने आ गई है कि 14 और 15 नवंबर को दोनों कहां होंगे, इस दौरान उनका परिवार भी मौजूद होगा
  • मालूम हो कि दोनों ने पिछले साल इटली के लेक कोमो में शादी की थी

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और पसंदीदा कपल्स में से एक हैं। दोनों ने पिछले साल इटली के लेक कोमों में शादी की थी जो काफी चर्चा में रही थी। यह शादी 14- 15 नवंबर को हुई थी और जल्द ही दोनों अपनी पहली एनिवर्सरी सेलिब्रेट करने जा रहे हैं। 

दीपिका- रणवीर की वेडिंग एनिवर्सरी के बारे में उनके फैंस भी जानना चाहते हैं कि इस खास मौके को दोनों किस तरह सेलिब्रेट करने वाले हैं। अब यह जानकारी सामने आ गई हैं कि इस दिन दोनों क्या करने वाले हैं। दोनों की टीम की तरफ से बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई है कि दोनों इस दिन भगवान के दर्शन करने जाएंगे। इसमें दी गई जानकारी के मुताबिक, 'रणवीर और दीपिका कल (बुधवार को) अपने पूरे परिवार के साथ रवाना होंगे और भगवान का आशीर्वाद लेने पहले तिरुपति  और फिर वो अमृतसर जाएंगे। 14 नवंबर को तिरुपति में वो बालाजी और पद्मावति मंदिर जाएंगे और फिर 15 नवंबर को अमृतसर के गोल्डन टेंपल (स्वर्ण मंदिर) में दर्शन करेंगे। पूरा परिवार 15 नवंबर को मुंबई वापस आएगा।'

बता दें कि दोनों ने पिछले साल शादी करने से पहले करीब 6 साल तक एक दूसरे को डेट किया था। शादी के बाद से भी दोनों अक्सर चर्चा में रहते हैं। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक दूसरे के पोस्ट पर अपने मजेदार कमेंट्स के चलते खबरों में रहते हैं।

मालूम हो कि हाल ही में दीपिका रणवीर के साथ अपनी बेस्ट फ्रेंड उर्वशी केसवानी की शादी में शामिल हुईं थीं। यहां उन्होंने जमकर मस्ती की जिसकी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए, लेकिन इसके बाद एक्ट्रेस की तबीयत खराब हो गई। इसकी जानकारी दीपिका ने खुद अपने इंस्टाग्राम के जरिए दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में अपनी एक तस्वीर शेयर की जिसमें वो काफी कमजोर लग रहीं थीं और अपने मुंह के पास उन्होंने थर्मामीटर का इमोजी बनाया। इसे शेयर कर उन्होंने लिखा, 'जब आप अपनी बेस्ट फ्रेंड की शादी में बहुत ज्यादा मस्ती करते हैं।'

वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका फिल्म छपाक में नजर आएंगी जो एसिड सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म अगले साल 10 जनवरी 2020 को रिलीज होगी। वहीं रणवीर सिंह फिल्म 83 में नजर आएंगे जो साल 1983 में हुए वर्ल्ड कप पर आधारित है, जिसमें वो कपिल देव के रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म में दीपिका कपिल देव की पत्नी रोमी भाटिया के रोल में नजर आएंगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।