लाइव टीवी

दिलीप कुमार और राज कपूर के पुश्तैनी घरों की जर्जर हालत, पाकिस्तान की सरकार ने तय की कीमत

Updated Dec 10, 2020 | 20:24 IST

Raj Kapoor and Dilip Kumar Pakistan Ancestral Home: पाकिस्तान में राज कपूर और दिलीप कुमार के पैत्रिक घरों की कीमत प्रांतीय सरकार की ओर से निर्धारित की गई है। दोनों घर खैबर पख्तूनवा प्रांत में स्थित हैं।

Loading ...
दिलीप कुमार और राज कपूर
मुख्य बातें
  • पाकिस्तान के खैबर पख़्तूनवा प्रांत में स्थित हैं दिलीप कुमार और राज कपूर के घर
  • जर्जर हालत में इमारतें कर रहीं विध्वंस के खतरे का सामना
  • 2014 में राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया गया था दिलीप कुमार 100 साल पुराना घर

मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार और राज कपूर के पाकिस्तान में अपने पुश्तैनी घर हैं। उनके पैतृक घर की कीमत अब पाकिस्तान में खैबर-पख्तूनख्वा सरकार द्वारा निर्धारित की गई है। दिलीप कुमार की पैतृक हवेली की कीमत 80,56,000 रुपए और राज कपूर के घर की 1,50,00,000 रुपए तय की गई है।

पाकिस्तान में संचार और निर्माण विभाग की एक रिपोर्ट के बाद भारतीय फिल्म कलाकार दिलीप कुमार और राज कपूर के पैत्रिक घरों की कीमत निर्धारित की गई है। इस साल सितंबर में, खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में पुरातत्व विभाग ने दोनों इमारतों को खरीदने के लिए पर्याप्त धन आवंटित करने का फैसला किया था।

पेशावर शहर के मध्य में दोनों इमारतों को राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया गया है। ये इमारतें जर्जर हालत में हैं और विध्वंस के खतरे का सामना कर रही हैं। अधिकारियों ने ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण की योजना बनाई है।

पाकिस्तान में कहां हैं राज कपूर और दिलीप कुमार के घर:
राज कपूर के पैतृक घर को कपूर हवेली के नाम से जाना जाता है जो कि क़िस्सा ख्वानी बाज़ार में स्थित है और 1918 और 1922 के बीच बनाई गई थी। राज कपूर का जन्म इसी भवन में हुआ था। इसके अलावा अभिनेता दिलीप कुमार का 100 साल पुराना पुश्तैनी घर भी उसी इलाके में स्थित है। घर को 2014 में पाकिस्तान में राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया गया था।

दोनों ऐतिहासिक इमारतों को खरीदने के लिए 2 करोड़ रुपए जारी करने का औपचारिक अनुरोध पुरातत्व विभाग ने प्रांतीय सरकार को भेजा है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।