लाइव टीवी

Karwa Chauth: शिल्पा शेट्टी-ऐश्वर्या राय से अनुष्का शर्मा तक, इन एक्ट्रेस के पति भी रखते हैं करवा चौथ व्रत

Updated Nov 04, 2020 | 20:35 IST

karwa chauth 2020: शिल्पा शेट्टी से रवीना टंडन, बिपाशा बसु और अनुष्का शर्मा तक धूमधाम से करवा चौथ मनाती हैं। वैसे कुछ सितारे ऐसे भी हैं जो अपनी पत्नियों के लिए खास करवा चौथ का व्रत रखते हैं...

Loading ...
करवा चौथ 2020।
मुख्य बातें
  • आज महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और रक्षा के लिए करवा चौथ का व्रत कर रही हैं।
  • बॉलीवुड में भी करवा चौथ का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाता है।
  • शिल्पा शेट्टी से रवीना टंडन, बिपाशा बसु और अनुष्का शर्मा तक धूमधाम से करवा चौथ मनाती हैं।

हिंदू रीति रिवाज के अनुसार करवा चौथ के व्रत का बहुत महत्व होता है। आज अपने पति की लंबी आयु और रक्षा के लिए महिलाएं करवा चौथ का व्रत कर रही हैं। सूर्योदय के साथ शुरू होने वाला यह त्योहार चंद्रोदय के साथ पूर्ण होता है। महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रख कर चांद की करने के बाद व्रत पूर्ण करती हैं। वैसे बॉलीवुड में भी करवा चौथ का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाता है। शिल्पा शेट्टी से रवीना टंडन, बिपाशा बसु और अनुष्का शर्मा तक धूमधाम से करवा चौथ मनाती हैं। वैसे कुछ सितारे ऐसे भी हैं जो अपनी पत्नियों के लिए खास करवा चौथ का व्रत रखते हैं। आइए जाने उनके बारे में...

अभिषेक बच्चन
ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन उन जोड़ियों में शामिल हैं जो कभी सोशल मीडिया पर अपना प्यार जाहिर करने से नहीं कतराते हैं। फिर चाहे एप्रीसिएशन पोस्ट हो, बर्थडे पोस्ट या फिर करवाचौथ व्रत की क्यों ना हो, दोनों अक्सर ये सब साथ-साथ करते हैं। 2018 में खुद अभिषेक बच्चन ने ट्वीट कर बताया था कि वो पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन के लिए करवाचौथ रखते हैं। अभिषेक अपनी तरह बाकी पति लोगों ये भी अपनी पत्नियों के लिए करवा चौध का व्रत रखने की अपील करते हैं। आपको बता दें, ऐश्वर्या और अभिषेक ने साल 2000 में पहली बार फिल्म 'ढाई अक्षर प्रेम के' में साथ काम किया था। बाद में दोनों ने कुछ ना कहो, बंटी और बबली, उमराव जान, धूम-2, गुरु, सरकार राज, रावन जैसी फिल्मों में साथ काम किया। 

विराट कोहली
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली बॉलीवुड के सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले कपल में से एक हैं। जिस तरह से अनुष्का शर्मा अपने पति के लिए करवाचौथ करती हैं ठीक उसी तरह विराट कोहली भी पत्नी के लिए व्रत रखते हैं। दोनों हर साल इस त्यौहार को खास तरह से सेलिब्रेट करते हैं। आपको बता दें, कपल ने 2017 में इटली के लेक कोमो में शादी की थी। अब शादी के तीन साल बाद दोनों जल्द ही पेरेंट्स बनने वाले हैं।

राज कुंद्रा 
शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा उन पतियों में से हैं जो अपनी पत्नी के लिए करवाचौथ का व्रत रखते हैं। इतना ही नहीं राज करवाचौथ के दिन को हमेशा फनी बनाने की कोशिश करते हैं ताकि ये हंसी-खुशी निकल जाए। शिल्पा-राज साल 2009 में शादी के बंधन में बंधे थे। तभी से हर साल राज, शिल्पा के साथ-साथ करवाचौथ करते आ रहे हैं। 2012 में दोनों पहली बार बेटे वियान राज कुंद्रा के पेरेंट्स बने और फरवरी 2020 में कपल सरोगेसी के जरिए दूसरी बार बेटी समीशा शेट्टी कुंद्रा के पेरेंट्स बना है। 

करण सिंह ग्रोवर
बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर भी हमेशा एक-दूसरे की लंबी उम्र की कामना करते हैं। दोनों ना सिर्फ हर साल फैन्स के साथ करवाचौध पोस्ट शेयर करते हैं बल्कि एक-दूसरे के लिए व्रत भी रखते हैं। बता दें कि बिपाशा और करण साल 2015 में फिल्म 'अलोन' में साथ नजर आए थे और अप्रैल 2016 में दोनों ने शादी कर ली थी। 

आयुष्मान खुराना 
आयुष्मान खुराना और ताहिरा कश्यप भी इसी फेहरिस्त का हिस्सा है। आयुष्मान भी करवाचौथ पर पत्नी ताहिरा के लिए व्रत रखते हैं। 2019 में जब ताहिरा कश्यप एक प्रोजेक्ट के लिए दुबई गई थीं तब आयुष्मान खुराना ने उनके लिए फिल्म सेट पर करवाचौध का व्रत रखा था। बता दें कि आयुष्मान खुराना और ताहिरा कश्यप की शादी को 12 साल हो गए हैं। दोनों के दो प्यारे बच्चे विराजवीर(बेटा) और विरुष्का(बेटी) हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।