लाइव टीवी

साढ़े तीन साल छोटे साउथ सुपरस्‍टार पर आ गया था नम्रता शिरोडकर का दिल, फ‍िल्‍मी है दोनों की प्रेम कहानी

Updated Jan 22, 2022 | 07:25 IST

बॉलीवुड की जानी मानी अदाकारा रहीं नम्रता शिरोडकर का आज (22 जनवरी) जन्मदिन है। अभिनेत्री बनने से पहले नम्रता शिरोडकर एक मॉडल थीं और वह 1993 में मिस इंडिया भी बनीं।

Loading ...
Namrata shirodkar birthday
मुख्य बातें
  • बॉलीवुड की जानी मानी अदाकारा रहीं नम्रता शिरोडकर का आज बर्थडे है
  • नम्रता शिरोडकर एक मॉडल थीं और वह 1993 में मिस इंडिया भी बनीं
  • नम्रता शिरोडकर ने साउथ के सुपरस्‍टार महेश बाबू से शादी की

बॉलीवुड की जानी मानी अदाकारा रहीं नम्रता शिरोडकर का आज (22 जनवरी) जन्मदिन है। नम्रता का जन्म 22 जनवरी 1972 को महाराष्ट्र में हुआ था। आज नम्रता 50 साल की हो गईं हैं। अभिनेत्री बनने से पहले नम्रता शिरोडकर एक मॉडल थीं और वह 1993 में मिस इंडिया भी बनीं। उन्होंने मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया और टॉप 6 में अपनी जगह बनाई। इसके बाद इसी साल उन्होंने मिस एशिया पेसिफिक कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया और फर्स्च रनर अप बनीं। 

साल 1998 में नम्रता ने सलमान खान और ट्विंकल खन्ना की फिल्म जब प्यार किसी से होता है में छोटे से रोल से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। फिल्म तो फ्लॉप रही लेकिन इसके बाद भी नम्रता के पास काम के ऑफर आते रहे। इसके बाद साल 1999 में रिलीज हुई संजय दत्त की फिल्म वास्तव में नम्रता नजर आईं।

Also Read: 30 करोड़ के घर और 3 करोड़ की कार के मालिक हैं महेश बाबू, लेते हैं इतनी मोटी फीस

पहली बॉलीवुड फिल्म के बाद नम्रता ने तेलुगू फिल्म वामसी साइन की। जिसमें उनके साथ लीड रोल में महेश बाबू थे। ये बात साल 2000 की है। दोनों पहली बार फिल्म वामसी (Vamsi) के सेट पर मिले। पहली मुलाकात के बाद दोनों में बातचीत शुरू हुई और जल्‍द ही दोस्ती हो गई। कुछ ही दिन में दोनों एक दूसरे को डेट करने लगे। करीब चार साल एक दूसरे को डेट करने के बाद 10 फरवरी 2005 को दोनों ने मुंबई के एक होटल में शादी कर ली। नम्रता उम्र में महेश बाबू से करीब 3.5 साल बड़ी हैं। 

शादी के बाद 31 अगस्त 2006 को दोनों पहली बार पेरेंट्स बने और उनके घर बेटे का जन्म हुआ जिसका नाम उन्होंने गौतम कृष्णा गट्टमनेनी रखा। इसके बाद 20 जुलाई 2012 को उनकी बेटी सितारा का जन्म हुआ। नम्रता ने शादी के बाद से फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली है। नम्रता भले ही बड़े पर्दे से लंबे समय से दूर हों लेकिन सोशल मीडिया के जरिए फैंस से जुड़ी हुईं हैं। 

नम्रता को फिल्म मेरे दो अनमोल रतन, कच्चे धागे, पुकार, हेरा फेरी, आगाज, अलबेला, दिल विल प्यार व्यार, तहजीब, एलओसी कारगिल, चरस, इंसाफ, ब्राइड एंड प्रिज्युडिस और रोक सको तो रोक लो जैसी फिल्मों में भी देखा गया। नम्रता मराठी एक्ट्रेस मीनाक्षी शिरोडकर की पोती हैं, जो कि साल 1938 में रिलीज हुई फिल्म ब्रह्मचारी में नजर आईं थीं। नम्रता एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर की छोटी बहन हैं। 

अब वह अपने पति महेश बाबू के साथ हैदराबाद के जुबली हिल्स में आलीशान बंगले में रहती हैं। इसकी कीमत करीब 30 करोड़ रुपए है। इसके अलावा उन्होंने बेंगलुरू में भी एक घर खरीदा है, जिसकी कीमत कई करोड़ रुपए है। आज वह काफी लग्‍जरी लाइफ जीती हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।