लाइव टीवी

RRR या द कश्मीर फाइल्स, कैसे भारत की तरफ से ऑस्कर में जाती हैं फिल्में, जानिए पूरा प्रोसेस

Updated Aug 27, 2022 | 21:07 IST

साल 2022 में भारत की तरफ से कौन सी फिल्म आधिकारिक तौर पर ऑस्कर में शामिल होगी, इसे लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। इस रेस में आरआरआर से लेकर द कश्मीर फाइल्स का नाम सामने आ रहा है। जानिए कैसे होता है ऑस्कर के लिए फिल्म का चयन...

Loading ...
RRR, The Kashmir Files
मुख्य बातें
  • भारत की तरफ से ऑस्कर में आधिकारिक एंट्री के लिए कई फिल्में दौड़ में हैं।
  • सितंबर में होगी फिल्म के चयन की प्रक्रिया की शुरुआत।
  • जूरी करती है ऑस्कर में भारत की आधिकारिक एंट्री वाली फिल्म का चयन।

Oscar Awards selection process: एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर अवॉर्ड्स को अभी एक साल है। कौन सी फिल्म ऑस्कर में आधिकारिक तौर पर ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी, इसे लेकर बहस छिड़ी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिलहाल द कश्मीर फाइल्स, एस.एस.राजामौली की फिल्म आर.आर.आर और रॉकेट्री द नंबी इफेक्ट इस रेस में शामिल हैं। इसके अलावा गंगूबाई काठियावाड़ी का नाम भी सामने आ रहा है। ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली फिल्मों का चयन एक प्रक्रिया के तहत होता है।

हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव सुप्रान सेन ने कहा, 'सितंबर में प्रक्रिया की शुरुआत होती है। भारतीय फिल्म महासंघ (एफएफआई) भारत के सभी फिल्म संघो को निमंत्रण भेजता है। इसके बाद जूरी 16 सितंबर के दिन सभी फिल्मों को देखेगी। सितंबर के अंत तक भारत की तरफ से ऑस्कर में आधिकारिक एंट्री की घोषणा करेगी। जिस फिल्म की घोषणा होगी, वह अक्टूबर में ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजी जाएगी।'   

Also Read: ऑस्कर में लहराएगा RRR का परचम, क्या हॉलीवुड स्टार्स को पीछे छोड़ जूनियर एनटीआर जीतेंगे बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड?

नहीं है कोई स्थाई सेलेक्शन कमेटी
फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन. एन. दातार ने कहा, 'हमारी कोई स्थाई सिलेक्शन कमेटी नहीं होती है। हम हर साल नए सदस्यों को जोड़ते हैं, जो नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के विनर होते हैं। ऑस्कर में भारत की आधिकारिक एंट्री वाली फिल्म चुनने से पहले हम बहुत सारी फिल्मों को देखते हैं। यदि कोई फिल्म सभी मापदंडों को पूरा करती है तो प्रोड्यूसर अपनी फिल्में सीधे अकादमी के पास भेजते हैं। हम केवल लोकप्रिय फिल्मों को नहीं बल्कि सभी फिल्मों को देखते हैं और उन पर ध्यान देते हैं।'

गौरतलब है कि हाल ही में डायरेक्टर अनुराग कश्यप ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि भले ही आरआरआर भारत की तरफ से ऑस्कर में चले जाए, द कश्मीर फाइल्स नहीं जानी चाहिए। आपको बता दें कि साल 2021 में वी.एस.विनोतराज की तमिल फिल्म पेबल्स को भारत की तरफ से ऑस्कर में आधिकारिक एंट्री मिली थी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।