लाइव टीवी

जब 'द्रौपदी' रूपा गांगुली के साथ खाना खा रहे थे पुनीत इस्सर, महिलाओं को आ गया गुस्सा

Updated Sep 12, 2020 | 06:35 IST

महाभारत के दुर्योधन यानी पुनीत इस्सर आज अपना बर्थडे मना रहे हैं। महाभारत सीरियल के बाद उन्हें रियल लाइफ में भी लोग दुर्योधन मानने लगे थे। पुनीत इस्सर ने इससे जुड़ा एक किस्सा शेयर किया है।

Loading ...
Puneet Issar
मुख्य बातें
  • महाभारत के दुर्योधन आज अपना बर्थडे मना रहे हैं।
  • पुनीत इस्सर ने करियर की शुरुआत फिल्म कुली से की थी।
  • महाभारत के बाद लोग उन्हें दुष्ट दुर्योधन कहकर पुकारते थे।

मुंबई. महाभारत के दुर्योधन यानी पुनीत इस्सर आज अपना 62वां बर्थडे मना रहे हैं। पुनीत इस्सर ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म कुली से की थी। हालांकि, पहली ही फिल्म में वह विवादों में आ गए थे। पुनीत इस्सर ने अमिताभ बच्चन को घूंसा मारा था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद कई साल तक पुनीत इस्सर को काम नहीं मिला। साल 1987 में बी.आर.चोपड़ा की महाभारत उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट थी। 

पुनीत इस्सर को पहले महाभारत सीरियल में भीम का रोल ऑफर किया गया था। हालांकि, पुनीत दुर्योधन का रोल करना चाहते थे। मेकर्स ने उनके सामने शर्त रखी कि वह यदि भीम के किरदार के लिए अपनी जैसी कद काठी वाला एक्टर ले आएंगे तो दुर्योधन का रोल उन्हें मिल जाएगा। 

पुनीत इस्सर ने इसके बाद एशियन गेम्स में कई पदक जीत चुके प्रवीण कुमार से संपर्क किया। प्रवीण कुमार को देखते ही बी.आर.चोपड़ा ने उन्हें भीम का रोल दे दिया। इसके बाद पुनीत इस्सर को सीरियल में दुर्योधन का रोल मिला।  

लोग पुकारते थे दुष्ट दुर्योधन 
पुनीत इस्सर ने इंटरव्यू में बताया कि दुर्योधन के किरदार के बाद उन्हें रियल लाइफ में दुष्ट दुर्योधन कहा करते थे। पुनीत ने एक किस्सा बताया कि हम जयपुर में शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान जयपुर के एक उद्योगपति ने हमारी टीम को खाने पर बुलाया था। 

पुनीत इस्सर ने बताया कि उनके वहां रिवाज था कि मेहमानों को सोना और चांदी के बर्तनों में खाना खिलाते थे। मैं रूपा गांगुली (द्रौपदी) के बगल में बैठा था और बातें कर रहा था। तभी एक महिला ने रूपा के कान में कुछ कहा और वह उनके साथ चली गई।

महिलाओं ने कही थी ये बात 
पुनीत ने आगे बताया- 'रूपा गांगुली कुछ देर वापस लौटी और पांडवों के साथ बैठ गई। मैंने उनसे पूछा क्या हुआ? रूपा ने कुछ भी जवाब नहीं दिया। बाद में मुझे पता चला कि महिलाओं ने कहा कि तुम द्रौपदी हो तुम्हें दुष्ट दुर्योधन के साथ नहीं बैठना चाहिए।'

पुनीत इस्सर ने कुली फिल्म का किस्सा शेयर करते हुए बताया कि उस हादसे के बाद- 'मैं अमितजी को देखने अस्पताल गया था। मैं बेहद शर्मिंदा था। अमित जी ने मुझसे कहा कि एक बार मेरे वजह से विनोद खन्ना को चोट आ गई थी। काम के दौरान ऐसा होता है। इसमें तुम्हारी कोई गलती नहीं है।' 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।